mansoon 2025 big good news for jharkhand heavy rain expected कैसा रहेगा 2025 का मानसून, झारखंड के लिए बड़ी खुशखबरी; IMD अपडेट, Jharkhand Hindi News - Hindustan
Hindi Newsझारखंड न्यूज़mansoon 2025 big good news for jharkhand heavy rain expected

कैसा रहेगा 2025 का मानसून, झारखंड के लिए बड़ी खुशखबरी; IMD अपडेट

  • झारखंड समेत देश के कई इलाकों में इस बार मानसून के चार महीने (जून से सितंबर तक) अच्छी बारिश की संभावना है। ऐसे में झारखंड के लिए ये बड़ी खुशखबरी है।

Mohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, रांचीWed, 16 April 2025 09:07 AM
share Share
Follow Us on
कैसा रहेगा 2025 का मानसून, झारखंड के लिए बड़ी खुशखबरी; IMD अपडेट

झारखंड समेत देश के कई इलाकों में इस बार मानसून के चार महीने (जून से सितंबर तक) अच्छी बारिश की संभावना है। हालांकि, बिहार, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर के इलाकों में बारिश सामान्य से कम हो सकती है। मौसम विभाग ने मंगलवार को मानसूनी बारिश को लेकर पूर्वानुमान जारी करते हुए यह बात कही।

मालूम हो कि पिछले लगातार छह वर्षों से देश में मानसूनी बारिश सामान्य या इससे अधिक दर्ज की गई है। अच्छी बारिश का यह लगातार सातवां साल होगा। पृथ्वी विज्ञान विभाग के सचिव एम. रविचंद्रन, मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र, अतिरिक्त महानिदेशक आरके जेनामणि ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मानसून के चार महीनों में इस बार सामान्य के 105 फीसदी बारिश होने का अनुमान है। 1971 से 2000 तक के आंकड़ों के आधार पर इन चार महीनों में 870 मिमी सामान्य बारिश होती है। इस प्रकार यदि मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही निकलता है तो इस बार 913.5 मिमी बारिश होगी। विभाग ने यह भी कहा कि बारिश अनुमान से पांच फीसदी कम या ज्यादा हो सकती है। डॉ महापात्र ने कहा, इस बार मानसून को प्रभावित करने वाले सभी मानक सामान्य हैं। जैसे कि मानसून के दौरान अल नीनो (जलवायु घटना) के आसार नहीं हैं।

दूसरा, उत्तरी गोलार्द्ध और यूरेशिया में बर्फ की चादर सामान्य से कम है। जब भी ऐसा होता है तो मानसूनी बारिश अच्छी होती है। जब बर्फ ज्यादा होती है तो बारिश कम होती है। इसके अलावा प्रशांत महासागर में विषुवत रेखा के इर्द-गिर्द समुद्र के तापमान से जुड़ी स्थितियां भी सामान्य बनी हुई हैं। भारतीय समुद्र से भी सकारात्मक आंकड़े आ रहे हैं। कहा कि पूर्वोत्तर में सामान्य बारिश का रिकॉर्ड काफी ज्यादा है, इसलिए कम के बावजूद वहां पर्याप्त बारिश होगी। डॉ महापात्रा ने कहा कि मानसून कब दस्तक देगा और उसकी प्रगति देश के दूसरे हिस्सों में कैसी रहेगी, इसे लेकर मई के अंत में एक और पूर्वानुमान जारी किया जाएगा।

झारखंड में मानसून बीते वर्ष सामान्य रहा था

रांची। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि पूरे देश में मानसून के लिए जारी दीर्घकालिक पूर्वानुमान के मुताबिक झारखंड में भी अच्छी बारिश की संभावना है। बता दें कि राष्ट्रीय स्तर की तुलना में झारखंड में मानसून सीजन के दौरान औसत बारिश 102 सेमी होती है। जो राष्ट्रीय औसत से ज्यादा है। झारखंड में वर्ष 2024 में मानसून सामान्य रहा था। एक जून से लेकर 30 सितंबर तक राज्य में 1011.6 मिमी बारिश हुई थी। यह मानसून के दौरान होनेवाली सामान्य बारिश से महज एक फीसदी ही कम रही। जबकि 2023 में 26 और 2022 में 20 फीसदी बारिश कम हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश में कमी या अधिक होने की स्थिति में पांच फीसदी का विचलन हो सकता है। इस लिहाज से भी यहां सामान्य से अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान है।