26/11 का मुंबई हमला देश की सबसे बड़ी खुफिया विफलता : प्रतुल
भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि खरगे को पाकिस्तान को चेतावनी देनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने इंटेलिजेंस एजेंसी और प्रधानमंत्री...

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने प्रदेश मुख्यालय में एक प्रेस कांफ्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का बयान भी देश के प्रतिकूल निकला। उन्होंने कहा कि लोगों को उम्मीद थी कि खरगे पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देंगे। लेकिन, वह तो देश की इंटेलिजेंस एजेंसी और प्रधानमंत्री की मंशा पर ही प्रश्न कर गए। प्रतुल ने कहा कि इस समय जब पूरा देश एक स्वर में आतंकी और आतंकियों के आकाओं को मिट्टी में मिलाने की मांग कर रहा है। ऐसे समय में देश के दूसरे सबसे बड़े दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष का इस तरह के बयान से देश और विदेश में गलत संकेत जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीयता की राजनीति करती है। इसीलिए भाजपा ने कभी भी खुफिया एजेंसी की विफलता पर प्रश्न नहीं उठाया है। 26/11 का मुंबई हमले और प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रधानमंत्री आवास में उनके बॉडीगार्ड द्वारा हत्या, देश के दो सबसे बड़े खुफिया एजेंसी की विफलता थी। लेकिन, भाजपा ने उस समय देश की वर्तमान स्थिति को देखते हुए इस पर प्रश्न नहीं उठाया था, बल्कि भाजपा पूरे तरीके से सरकार के साथ खड़ी रही। प्रतुल ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपनी पुस्तक ए प्रॉमिसड लैंड में यह स्पष्ट लिखा है कि जब उनकी प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात हुई तो मनमोहन सिंह ने बताया कि उन्होंने 26/11 के मुंबई हमलों के बाद इसलिए पाकिस्तान पर हमला नहीं किया, क्योंकि इससे भारतीय जनता पार्टी को मुस्लिम विरोधी माहौल के कारण फायदा मिलता। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इसी सोच का भाजपा विरोध करती है। भाजपा के लिए देश सर्वप्रथम है। उसके बाद ही पार्टी और राजनीति आती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।