बाबा साहेब की जयंती पर कांग्रेस बनाएगी मानव शृंखला
रांची में कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो के नेतृत्व में 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती पर मानव शृंखला बनाई जाएगी। यह शृंखला आंबेडकर चौक से डॉ राजेंद्र प्रसाद चौक तक संविधान की प्रति के...

रांची, हिंदुस्तान ब्यूरो। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती पर कांग्रेस मानव शृंखला बनाएगी। 14 अप्रैल को रांची के आंबेडकर चौक से स्वामी विवेकानंद चौक, देवेंद्र मांझी चौक होते हुए डॉ राजेंद्र प्रसाद चौक तक संविधान की प्रति लेकर मानव शृंखला का आयोजन किया गया है। इसकी जानकारी प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने दी।
उन्होंने बताया कि इस मानव श्रृंखला कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए 11 अप्रैल को रांची महानगर, रांची ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष, प्रदेश व जिला अग्रणी मोर्चा संगठन के अध्यक्ष, खिजरी, मांडर, कांके के विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, बोर्ड, निगम, आयोग के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य व प्रदेश मीडिया विभाग सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई है।
उन्होंने बताया कि भाजपा अपने आंतरिक एजेंडों के अनुसार धीरे-धीरे भारत के संविधान पर हमला कर रही है। अपने इसी एजेंडे के तहत संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों में संशोधन कर रही है, जिससे देश की जनता को संविधान से मिले अधिकारों मे कटौती की जा रही है। संविधान को समाप्त कर लोकतांत्रिक व्यवस्था की जगह राजशाही सत्ता स्थापित करने की मंशा भाजपा पूरी करना चाहती है। भाजपा की इस मंशा का विरोध कांग्रेस देशव्यापी स्तर पर कर रही है। बाबा साहब के द्वारा रचित संविधान में बदलाव करने की भाजपा की मनोवृत्ति को कांग्रेस कतई पूरा नहीं होने देगी। दलित, आदिवासी, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों के अधिकारों पर हमले के विरोध में राजधानी रांची में विरोध स्वरूप मानव शृंखला निर्माण का आयोजन किया जा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।