धृतढारी रस्म शुरू होते ही दूल्हा मंडप से भागा, थाने में शिकायत दर्ज
रांची में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हा शादी से पहले ही भाग गया। दूल्हे की बहन ने दुल्हन के हाथ पर दाग देखे और शादी का विरोध किया। दूल्हे के परिजन समारोह से निकल गए और फिर दूल्हा फोन बंद कर फरार हो...

रांची, वरीय संवाददाता। मधुकम खादगढ़ा के एक मैरिज हॉल में रविवार को धृतढारी रस्म शुरू होते ही दूल्हा बिना शादी किए मंडप छोड़कर फरार हो गया। मुहूर्त का समय बीतता देख वधु पक्ष ने वर और उसके परिजनों की खोजबीन की। लेकिन फोन बंद आता देख चतरा निवासी दशरथ प्रजापति ने सुखदेवनगर थाने में मधुकम के चूना-भट्ठा निवासी सुनील कुमार और उसके परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि पुलिस ने तफ्तीश की तो पता चला कि लड़की के हाथ पर सिर्फ दाग के कारण दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया है। बताया जा रहा है कि दूल्हे की बहन द्वारा दुल्हन के हाथ पर दाग देखने और इसकी जानकारी परिजनों को देने पर वर फरार हो गया। बताया गया कि लड़की वाले लड़के के घर पहुंचे तो वहां ताला लगा था। पुलिस ने जांच की तो दूल्हा सुनील का मोबाइल नंबर मिला। थानेदार ने उस पर संपर्क किया तो उसने शादी से इनकार कर दिया। थानेदार ने ऐसा करने पर उस पर केस दर्ज होने और जेल भेजने की जानकारी दी।
लड़की पक्ष ने 9 लाख से अधिक किए खर्च
बताया गया कि न्यू मधुकम निवासी महेंद्र प्रजापति के पुत्र सुनील कुमार से चतरा निवासी दशरथ प्रजापति की पुत्री से शादी हो रही थी। इसके लिए वधु पक्ष ने करीब 9 लाख रुपए खर्च किए। खादगढ़ा स्थित तैलिक वैश्व भवन में शादी समारोह चल रहा था। ऐसे में लड़की वाले दो दिन पहले ही रांची आ गए थे। हॉल का पूरा भाड़ा भी दे दिया था।
बहन ने देखा दाग तो शादी का किया विरोध
लड़के की बहन कविता दिल्ली से शादी में रांची आई थी। दुल्हन और उसका परिवार मैरेज हॉल में था। इसी बीच दूल्हे के परिजन रविवार को वहां पहुंचे। दूल्हे की बहन ने लड़की को देखा और परिजनों से लड़की के हाथ पर दाग होने की बात फैला दी। उसने शादी नहीं करने की बात कही। हल्दी, धृतढारी आदि कार्यक्रम शुरू हो चुका था। इस बीच लड़के वाले मैरेज हॉल से एक-एक कर निकल गए।
मुहूर्त बीतने पर शुरू हुई खोजबीन
मैरेज हॉल में मौजूद पंडित ने मंत्र का उपचारण शुरू किया। मुर्हत का समय होने पर दुल्हा और उसके परिवार वालों को पंडित मंडप पर बुलाने लगा। मैरेज हॉल में नजर नहीं आने पर हर कोई एक-दूसरे का चेहरा देखने लगे। लड़की वाले खोजबीन और मोबाइल पर संपर्क किया। मगर सभी का मोबाइल बंद आने लगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।