भारत समिट 2025 में शामिल हुई ग्रामीण विकास मंत्री
झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने हैदराबाद में आयोजित भारत समिट 2025 में भाग लिया। इस सम्मेलन में 350 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिसमें वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की गई। समिट...

रांची, हिन्दुस्तान ब्यूरो। हैदराबाद में आयोजित भारत समिट 2025 में झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह शामिल हुईं। यह ऐतिहासिक शिखर सम्मेलन 350 से अधिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इनमें 95 से अधिक देशों के पूर्व राष्ट्राध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री, वैश्विक राजनीतिक नेता, प्रतिष्ठित विद्वान और 25 अंतरराष्ट्रीय थिंक टैंक के प्रतिनिधि शामिल थे। इस समिट में ऐसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ, जो आज की दुनिया को दिशा देने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इनमें वैश्विक व आर्थिक न्याय, जलवायु उत्तरदायित्व, समावेशी विकास, बहुपक्षीय संरचनाओं का पुनरावलोकन और वैश्विक शासन में समानता की आवश्यकता पर चर्चा हुई। यह आयोजन केवल संवाद का मंच नहीं था, बल्कि यह उस नए भारत की घोषणा थी जो न्याय, सह-अस्तित्व और साझी प्रगति के सिद्धांतों पर खड़ा है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में इस समिट के माध्यम से यह सशक्त संदेश देने में सफल रही कि तेलंगाना अब सिर्फ भारत का नहीं, बल्कि वैश्विक नीति विमर्श का एक मजबूत स्तंभ बन चुका है। भारत समिट 2025 ने यह स्पष्ट कर दिया कि भारत और विशेष रूप से तेलंगाना, न केवल वैश्विक समस्याओं को समझता है बल्कि उनके समाधान का नेतृत्व भी कर सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।