शहरवासियों ने पहलगाम की घटना को लेकर गुस्से का इजहार किया
रांची में बुधवार को शहरवासियों ने पहलगाम में सैलानियों की हत्या के खिलाफ मशाल जुलूस निकाला। विभिन्न संगठनों ने कैंडल मार्च कर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी। भाजपा ने आक्रोश मार्च निकाला, जबकि पूर्व...

रांची, वरीय संवाददाता। शहरवासियों ने बुधवार को पहलगाम में सैलानियों की हत्या के विरोध में मशाल जुलूस निकाल कर गुस्से का इजहार किया। वहीं कई संगठन से संबद्ध लोगों ने कैंडल मार्च निकाला व दीपक प्रज्वलित कर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी। भारतीय जनता पार्टी रांची महानगर जिला की ओर से कचहरी रोड के जयपाल सिंह स्टेडियम से मशाल के साथ आक्रोश मार्च निकाला गया। आक्रोश मार्च शहीद चौक होते हुए मेन रोड के अलबर्ट एक्का चौक पर पहुंचा। जहां पर पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं ने आतंकवाद विरोधी नारे लगाये। सभी हाथों में आतंक विरोधी नारे लिखी तख्तियां थामे हुए थे। इस मौके पर आयोजित सभा में दिवंगत पर्यटकों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार झारखंड में छिपे आतंकियों को खोज कर बाहर निकाले। देश में कहीं भी आतंकी घटना होने पर उसके तार किसी न किसी रूप में झारखंड से जुड़े होते हैं। बोकारो से पकड़ाया नौशाद भी उसी कड़ी का एक हिस्सा है। विधायक सीपी सिंह ने कहा कि आतंकी देश के हों या बाहर के, केंद्र सरकार सभी को खोज निकालेगी। हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि कई नेता अपने बिगड़े बोल से ऐसे लोगों का मनोबल बढ़ाते हैं। जिससे आतंकवादी पैदा होते हैं और इस प्रकार की घटनाएं देखने को मिलती हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरुण साहू ने की।
आक्रोश मार्च में संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, मनोज सिंह, संजीव विजयवर्गीय, रमेश सिंह, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, राजू सिंह, अनिता वर्मा, संजीव चौधरी, विनय कुमार सिंह, विश्वजीत कुमार सिंह, ललित ओझा, सोनू सिंह, पूनम जायसवाल, प्रीति सिन्हा, अमित वर्मा, रोमित नारायण सिंह, राम लगन राम, विकास रवि, रण्धीर सिंह, राम मनोज साहू, आलमगीर आलम, दिव्या साहू समेत कई कार्यकर्ता शामिल थे।
जेएलकेएम ने कैंडल मार्च निकाला
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा की ओर से मेन रोड में कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च जिला स्कूल परिसर से आरंभ होकर अलबर्ट एक्का चौक तक पहुंचा। जहां पर संगठन के केंद्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पहलगाम आतंकी हमला में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सुरक्षा में चूक को लेकर सरकार को अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए। जम्मू कश्मीर राज्य सरकार और केंद्र सरकार को राजनीतिक रंजिश दूर कर आपसी समन्वय से समस्या का समाधान करे।
कार्यक्रम में आलोक उरांव, पार्वती देवी, संजय कुमार, अयूब अली, जितेंद्र महतो, पप्पू कुर्मी, रवींद्र कुमार दीपक, चंदन रजक, संतोष कुमार, राजीव महतो के अलावा कई कार्यकर्ता व अन्य शामिल हुए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।