दिन में रात जैसा हाल, झारखंड में क्यों अचानक छा गया अंधेरा
झारखंड का मौसम पूरी तरह बदल गया है। प्रदेश के कई इलाकों में तेज तूफानी हवाएं चल रही हैं। इसके साथ ही बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Jharkhand Weather: झारखंड का मौसम पूरी तरह बदल गया है। एक दिन पहले कड़ी धूप और भीषण गर्मी झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम ने ऐसी करवट बदली है कि प्रदेश में दिन में रात जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। झारखंड के हजारीबाग में मौसम ने अचानक करवट ले लिया है। तेज हवा और धूलभरी आंधी के कारण रात जैसे हालात बन गए हैं। दिन में ही लोगों को गाड़ी से चलने के लिए हैडलाइट जलानी पड़ी है। हालांकि तूफान और बारिश के कारण मौसम ठंडा हो गया है। रांची के आसमान में भी बादल और हवा चलने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है।
तेज बारिश का अलर्ट
झारखंड में आज मौसम अचानक बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश की तेज फुहारें भी शुरू हो गईं। मौसम विभाग ने पहले ही अपडेट दिया था कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी। अब मौसम विभाग ने फिर से अपडटे जारी किया है कि झारखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश होगी और तेज रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। इस दौरान झारखंड का तापमान तेजी से नीचे जाएगा और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
बता दें कि बीते कई दिनों से झारखंड में भीषण गर्मी पड़ रही है। इस दौरान प्रदेश का तापमान 40 के ऊपर बना हुआ था। अब बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रदेश का तापमान तेजी से नीचे आ जाएगा। प्रदेश का तापमान नीचे आने के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल जाएगी। हालांकि, ये राहत ज्यादा दिन तक नहीं बरकरार रहेगी। मई के दूसरे हफ्ते से एक बार फिर से झारखंड के लोगों को प्रचंड गर्मी की मार झेलनी पड़ेगी। इस दौरान तेज लू के साथ तापमान 45 के पार पहुंच जाएगा। हालांकि, अभी बारिश और तेज हवाओं के कारण बड़ी राहत मिली है।
हजारीबाग में तूफान के बीच कार पर गिरा विशाल पेड़। एक दंपति के घायल होने की सूचना है। कई जगह बिजली के पोल तक धराशाई हो गए हैं। कच्चे घरों को भी नुकसान की खबर आ रही है। इसके अलावा रांची में भी तेज अंधड़ के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है।