लू लगने के दिखाई देते हैं ये 5 लक्षण, जानें कब पड़ती हैं डॉक्टर को दिखाने की जरूरत
गर्मियों के मौसम में बाहर जाने पर लू लगना एक बहुत कॉमन समस्या बन जाती है। तो चलिए जानते हैं कि लू लगने से शरीर में क्या बदलाव दिखाई पड़ते हैं और किन मौकों पर डॉक्टर को दिखाने की जरूरत पड़ती है।

गर्मी के मौसम की शुरुआत हो चुकी है। अब वह दिन दूर नहीं जब चिलचिलाती धूप और गर्म हवाएं तन-बदन को झुलसा कर रख देंगी। गर्मी के मौसम की सबसे आम समस्या होती है- 'हीट स्ट्रोक या लू लगना'। लू लगना कोई मामूली बात नहीं होती। यह एक गंभीर अवस्था है, जो तुरंत पहचान और इलाज न मिलने पर खतरनाक साबित हो सकती है। ज्यादा गर्मी से शरीर का तापमान बढ़ने लगता है, जिससे हमें चक्कर, थकान या घबराहट महसूस हो सकती है।अगर समय पर इसका ध्यान न रखा जाए, तो यह खतरनाक भी हो सकता है। इसलिए जरूरी है कि लू के लक्षणों को पहचानें और सही समय पर इसका इलाज करें। चलिए जानते हैं लू लगने पर शरीर में दिखते हैं कौन से लक्षण। ए
तेज बुखार और शरीर का तेज गर्म होना
तेज बुखार आना, लू लगने का पहला लक्षण है। जब किसी को लू लगती है, तो उसके शरीर का तापमान तेजी से बढ़ता है। कई बार ये तापमान 104 डिग्री तक पहुंच जाता है। गर्मी के मौसम में वायरल बुखार ना होने की स्थिति में भी जब शरीर का तापमान बढ़ने लगे, तो यह लू लगने का संकेत हो सकता है। लू लगने पर जो बुखार होता है उसमें त्वचा प्रायः गर्म और सूखी हो जाती है क्योंकि पसीना आना बंद हो जाता है।
चक्कर आना और बेहोशी महसूस होना
लू लगने पर चक्कर या बेहोशी भी आ सकती है। प्रायः लू लगने पर शरीर पूरी तरह से डिहाइड्रेट हो जाता है, जिससे शरीर में ग्लूकोज की कमी होने लगती है, इससे शरीर में कमजोरी आ जाती है। जिसकी वजह से चक्कर या बेहोशी आ सकती है। इसके अलावा लू लगने पर शरीर का ब्लड प्रेशर भी गिरने लगता है।
तेज सिरदर्द होना
गर्मी का असर सीधे मस्तिष्क पर पड़ता है, जिससे तेज सिरदर्द हो सकता है। इसके साथ ही व्यक्ति भ्रमित हो सकता है। जिस व्यक्ति को लू लगती है, उसके व्यवहार में असामान्य परिवर्तन भी देखने को मिल सकता है। बेवजह बड़बड़ाना, या किसी बात को समझने में कठिनाई का सामना करना भी लू लगने के ही एक लक्षण हैं।
तेज धड़कन और तेज सांस चलना
लू लगने की स्थिति में शरीर का तापमान अचानक से बढ़ जाता है। ऐसे में दिल की धड़कन तेज हो सकती है, सांस भी तेज चलने लगती है।यदि कोई व्यक्ति हार्ट पेशेंट है तो उसके लिए यह स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है।
त्वचा में रूखापन आना
लू लगने पर शरीर पसीना बनाना बंद कर देता है, जिससे त्वचा सूखी और गर्म महसूस होती है। लू लगने का ये बेहद सामान्य लक्षण है। दरअसल लू लगने पर शरीर का कूलिंग सिस्टम फेल हो जाता है, जिससे शरीर से पसीना निकलना बंद हो जाता है। इसलिए गर्मी के मौसम में पसीना ना निकालना हीट स्ट्रोक का ही एक लक्षण है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।