pahalgam terror attack women claim that her husband force to read kalama before shoot 'कलमा' पढ़ने को कहा, पति बोले- ईसाई हैं नहीं आता, फिर मार दी गोली, पहलगाम हमले की पीड़िता ने बताया, Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़pahalgam terror attack women claim that her husband force to read kalama before shoot

'कलमा' पढ़ने को कहा, पति बोले- ईसाई हैं नहीं आता, फिर मार दी गोली, पहलगाम हमले की पीड़िता ने बताया

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पहलगाम आतंकी हमले के शिकार इंदौर के सुशील नथानियल को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान नथानियल की पत्नी ने उन्हें बताया कि आतंकियों ने उनके पति को गोली मारने से पहले कलमा पढ़ने के लिए कहा था। उनके पति ने कहा कि वह ईसाई हैं, उन्हें कलमा नहीं आता।

Subodh Kumar Mishra भाषा, इंदौरWed, 23 April 2025 11:26 PM
share Share
Follow Us on
'कलमा' पढ़ने को कहा, पति बोले- ईसाई हैं नहीं आता, फिर मार दी गोली, पहलगाम हमले की पीड़िता ने बताया

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पहलगाम आतंकी हमले के शिकार इंदौर के सुशील नथानियल को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान नथानियल की पत्नी ने उन्हें बताया कि आतंकियों ने उनके पति को गोली मारने से पहले कलमा पढ़ने के लिए कहा था। उनके पति ने कहा कि वह ईसाई हैं, उन्हें कलमा नहीं आता। इसके बाद आतंकियों ने उन्हें गोली मार दी।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए पर्यटकों में शामिल 58 साल के सुशील नथानियल को गोली मारने से पहले उनसे ‘कलमा’ पढ़ने को कहा गया था। यादव ने मृतक की शोक संतप्त पत्नी से हुई बातचीत के बाद यह बात कही।

मुख्यमंत्री ने ईसाई समुदाय के नथानियल को इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे पर श्रद्धांजलि देने के दौरान उनकी शोक संतप्त पत्नी से बातचीत की। नथानियल का शव बुधवार रात इंदौर लाया गया। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर प्रमुख पर्यटक स्थल बैसरन में मंगलवार को आतंकवादियों ने हमला किया जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए थे। मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे, जिनमें नथानियल भी शामिल थे।

नथानियल इंदौर से करीब 200 किलोमीटर दूर अलीराजपुर में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में प्रबंधक के पद पर थे। मुख्यमंत्री ने एलआईसी अधिकारी के शव पर पुष्प चक्र अर्पित करने के बाद पत्रकारों से कहा कि नथानियल की पत्नी ने उन्हें बताया है कि उनके पति को गोली मारने से पहले आतंकवादियों ने उन्हें 'कलमा' पढ़ने के लिए कहा था। इस पर नथानियल ने जवाब दिया था कि वह ईसाई समुदाय के हैं और उन्हें 'कलमा' पढ़ना नहीं आता है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पहलगाम में हुए हमले में शामिल कायर आतंकियों से निश्चित तौर पर बदला लेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शोक की इस घड़ी में वह नथानियल के पीड़ित परिवार के साथ हैं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। इंदौर के हवाई अड्डे पर नथानियल को श्रद्धांजलि देने वाले नेताओं में भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीडी शर्मा शामिल थे।

आतंकियों ने नथानियल की बेटी 35 साल की आकांक्षा के पैर में गोली मारकर उसे घायल कर दिया था। आतंकी हमले के वक्त एलआईसी अधिकारी के साथ उनकी पत्नी जेनिफर (54) और उनका बेटा ऑस्टिन उर्फ गोल्डी (25) भी था। हमले के दौरान मां-बेटा सुरक्षित बच गए थे।

नथानियल के शव को जब स्थानीय हवाई अड्डे से बाहर लाया गया, तब माहौल काफी गमगीन हो गया। इस दौरान शोक संतप्त रिश्तेदार नथानियल की पत्नी और बेटे के गले लगकर रो पड़े। नथानियल की घायल बेटी को व्हीलचेयर पर हवाई अड्डे से बाहर लाया गया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।