बेटी को ड्रग्स देते थे ओम प्रकाश, फोन किए हैक; पूर्व DGP की पत्नी पल्लवी के आरोप
- Om Prakash: पुलिस का कहना है कि प्रकाश को कई बार चाकू मारे गए थे। उनकी गर्दन, कंधे, पेट और पीठ पर वार किए गए थे। खबरें हैं कि ये हमला तीखी बहस के बाद हुआ था।

Om Prakash: कर्नाटक के पूर्व DGP ओम प्रकाश की हत्या के आरोप उनकी पत्नी पल्लवी पर लगे हैं। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अब खबर है कि पल्लवी ने प्रकाश को लेकर कई दावे किए हैं। उनका कहना है कि पूर्व पुलिस अधिकारी ने बेटी को नशीला पदार्थ देना शुरू कर दिया था। साथ ही आरोप लगाए हैं कि वह उनके भोजन में भी सेनेटाइजर मिला देते थे। फिलहाल, पुलिस ने इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पल्लवी ने गिरफ्तार होने के बाद आरोप लगाए हैं कि पति बेटी कृति को ड्रग्स दे रहे थे। साथ ही बेटी के फोन भी हैक करने की बात कही है। 68 साल के प्रकाश की लाश उनके आवास पर खून से लथपथ मिली थी। बेटे कार्तिकेश ने मां पल्लवी और बहन कृति पर इसके आरोप लगाए थे। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, पल्लवी ने कई आरोप लगाए हैं। उनका कहना है, 'उसने अब बेटी को ड्रग्स देना शुरू कर दिया है, जो उसके दिमाग को निशाना बना रहे हैं। ऐसा सिर्फ इसलिए क्योंकि उसने आवाज उठाना शुरू किया है। बेटी रोज मर रही है। बहुत खतरनाक और असुरक्षित स्थिति में हैं और तत्काल मदद और सुरक्षा की जरूरत है। बेटी के फोन, लैपटॉप और सभी डिवाइस को हैक कर लिया गया है या खराब कर दिया गया है। जहां तक सबूत की बात है, तो उसकी कोई कमी नहीं है।'
क्या थी वजह
अखबार के अनुसार, पल्लवी का दावा है कि संपत्ति को लेकर लालच और जलन की वजह से प्रकाश उनके खिलाफ काम करते थे। एक मैसेज में उन्होंने लिखा, 'मेरे पति दूसरों को मानसिक रूप से अस्थिर घोषित कर अपने कारनामों पर पर्दा डालते हैं। ये सभी काम संपत्ति के लालच और जलन के चलते किए गए हैं। मेरे पति मेरे बेटे और बहू का पक्ष लेते हैं।'
पुलिस का कहना है कि प्रकाश को कई बार चाकू मारे गए थे। उनकी गर्दन, कंधे, पेट और पीठ पर वार किए गए थे। खबरें हैं कि ये हमला तीखी बहस के बाद हुआ था।