ड्रग्स के व्यापार में खूनी खेल; परिवार के सामने शख्स को तलवार से काटा, आंतें तक निकालीं
- मुंबई के बांद्रा इलाके में एक शख्स की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने 40 वर्षीय इस शख्स के घर में धावा बोल दिया और परिवार वालों के सामने उस पर बेरहमी से हमला कर दिया।

मुंबई के बांद्रा में ड्रग्स के व्यापार में एक शख्स का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक कुछ लोगों ने देर रात शख्स पर तलवार और अन्य हथियारों से हमला कर दिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हमला इतना नृशंस था कि शख्स की आंतें तक निकाल ली गईं। खबरों के मुताबिक गुरुवार रात जबरन शख्स के घर में घुसे लोगों ने अचानक हमला कर दिया जिसमें उसके परिवार के दो सदस्य भी घायल हो गए।
पुलिस ने बताया है कि गुरुवार रात बांद्रा के दरगाह गली इलाके में हुए हमले के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान इमरान पठान, उसकी पत्नी फातिमा जाकिर अली उर्फ कायनात, उस्मान जाकिर अली और जाकिर अली सेंडोले के रूप में हुई है।
घर में जबरन घुसे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी कथित तौर पर पीड़ित शाकिर अली सेंडोले के घर में जबरन घुसे और उन पर और उनके परिवार के सदस्यों पर हमला किया। चाकू से कई वार किए जाने से शाकिर की मौत हो गई। वहीं उसकी भाभी शिरीन और भतीजे अफजल को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने बताया कि इमरान पठान और उसकी पत्नी फातिमा के नाम पहले भी कई मामले दर्ज हैं और वे बांद्रा में ड्रग्स सप्लाई करते थे। पुलिस ने बताया की मामले की जांच की जा रही है।
तलवार से निकाल दीं आंतें
वहीं मृतक की बहन फिरोजा ने कहा कि ड्रग्स के सप्लाई को लेकर उनका भाई इन लोगों का विरोध करता था। उन्होंने बताया, "ड्रग तस्कर सलमान मलिक और उसकी पत्नी सोनी पठान दंपति को ड्रग्स सप्लाई करते थे और मेरे भाई शाकिर दरगाह गली इलाके में ड्रग्स की तस्करी का विरोध करते थे।" उसने कहा कि परिवार ने पहले भी आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। कथित तौर पर वे परिवार को लगातार धमकियां दे रहे थे। उसने यह भी दावा किया कि हमले के असली मास्टरमाइंड सलमान और उसकी पत्नी थे। उसने बताया कि आरोपियों ने तलवार से उसकी आंतें तक निकाल दीं और हथियार से उसका सिर कुचल दिया।"