दिल्ली CM के इलाके में अब दोनों टाइम आएगा पानी, रेखा गुप्ता ने शुरू कीं कई परियोजनाएं
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र शालीमार बाग में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसके साथ ही अब शालीमार बाग के निवासियों को सुबह-शाम दोनों टाइम पानी मिलेगा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को अपने विधानसभा क्षेत्र शालीमार बाग में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने यह भी ऐलान किया अब से शालीमार बाग के निवासियों को सुबह-शाम दोनों टाइम पानी मिलेगा।
सीएम गुप्ता ने शालीमार बाग में जनता को संबोधित करते हुए कहा, "आज हम यहां से पानी की सप्लाई शुरू कर रहे हैं, जिसमें आपको सुबह 6 बजे से 8 बजे तक पानी मिलेगा और शाम को भी आपको आधे घंटे तक पानी मिलेगा। पहले आपको शाम को पानी नहीं मिलता था, अब आपको दिन में दो बार पानी मिलेगा।"
इससे पहले सोमवार को सीएम रेखा गुप्ता ने शहर के सभी 11 राजस्व जिलों के जिलाधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई थी। इस बैठक का मुख्य फोकस राजस्व जिलों में प्रशासनिक और विकासात्मक प्रगति का आकलन करना, स्थानीय मुद्दों को हल करना और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना था।
बता दें कि, दिल्ली की नई भाजपा सरकार ने इस बार अपने बजट में पानी व सीवर से लेकर सड़क और यमुना तक सभी पर खास फोकस रखा है। दिल्ली सरकार का दावा है कि अब हर घर तक साफ पानी पहुंचेगा और सीवर सिस्टम दुरुस्त होगा। दिल्ली सरकार द्वारा जल आपूर्ति और स्वच्छता के लिए 9,000 करोड़ करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इससे नई पाइपलाइनों से हर गली तक पानी पहुंचेगा और सीवर व्यवस्था पहले से बेहतर होगी।
गौरतलब है कि, दिल्ली की सत्ता संभालने के बाद से ऐक्शन मोड में दिख रहीं मुख्यमंत्री ने बीते शुक्रवार को दिल्ली सरकार के विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की थी, जिसमें उन्होंने शासन में पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही पर जोर दिया था। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को स्पष्ट प्राथमिकताएं तय करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया था। बैठक के दौरान गुप्ता ने मेहनती अधिकारियों को पूरा सहयोग देने की सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया, साथ ही लापरवाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
उनके द्वारा सभी विभागों को अगले 100 दिन, छह महीने और नौ महीने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने का काम सौंपा गया है। रेखा गुप्ता ने कहा था कि केवल योजनाओं की घोषणा करना पर्याप्त नहीं है, प्रभावी क्रियान्वयन और जनता को लाभ पहुंचाना भी उतना ही आवश्यक है।