Delhi Weather: दिल्ली में बदलने वाला है मौसम का मिजाज, आज छाए रहेंगे बादल; कल गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार
Delhi Weather: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सफदरजंग, पालम, लोधी रोड,रिज, आया नगर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 23 अप्रैल तक लू की आशंका से इनकार किया है।

Delhi Weather: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। सफदरजंग, पालम, लोधी रोड,रिज, आया नगर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 23 अप्रैल तक लू की आशंका से इनकार किया है। मौसम विभाग ने 19 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दिन 20 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। गरज चमक के साथ आंधी आने की संभावना है।
खराब श्रेणी में हवा
गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सयस दर्ज किया गया, यह सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री रहा, यह सामान्य से 4.1 डिग्री ज्यादा दर्ज था राजधानी में गुरुवार को दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान इस मौसम का दूसरी बार सबसे अधिक तापमान रहा। इससे पहले 10 अप्रैल को यह 25.9 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 204 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
आज और कल के मौसम का हाल
मौसम विभाग ने शुक्रवार को तेज हवाएं चलने और आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। इस दौरान 20-30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 डिग्री सेल्सियस और 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। विभाग ने बताया कि 19 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बूंदाबांदी होगी। इसके साथ ही धूल भरी आंधी चल सकती है जिसकी गति 30-40 किमी प्रति घंटे से लेकर 50 किमी प्रति घंटे तक होगी।
सात दिन के मौसम का मिजाज
दिल्ली में शुक्रवार और शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी। शनिवार को बूंदाबांदी के आसार हैं। रविवार को साफ आसमान रहेगा जिसके चलते गर्मी का अहसास होगा। सोमवार से गुरुवार तक तेज चमकदार सूरज निकलेगा। जिसके चलते तापमान में इजाफा होगा और इसके 45 डिग्री के ऊपर पहुंचने की संभावना है।