Delhi records hottest April morning in six years at 26.2 degrees अप्रैल में 6 साल बाद इतनी गर्म रही दिल्ली की सुबह, उमस ने किया परेशान; हवा भी खराब, Ncr Hindi News - Hindustan
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़Delhi records hottest April morning in six years at 26.2 degrees

अप्रैल में 6 साल बाद इतनी गर्म रही दिल्ली की सुबह, उमस ने किया परेशान; हवा भी खराब

दिल्ली में अप्रैल महीने में 6 साल बाद सोमवार की सुबह सबसे गर्म रही। तापमान औसत से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। राजधानी की हवा भी फिर से खराब स्तर पर पहुंच गई। सोमवार को एक्यूआई 205 दर्ज किया गया। वहीं, आर्द्रता का स्तर 59 प्रतिशत पहुंचने से उमस ने भी परेशान किया।

Subodh Kumar Mishra पीटीआई, नई दिल्लीMon, 21 April 2025 10:30 PM
share Share
Follow Us on
अप्रैल में 6 साल बाद इतनी गर्म रही दिल्ली की सुबह, उमस ने किया परेशान; हवा भी खराब

दिल्ली में अप्रैल महीने में 6 साल बाद सोमवार की सुबह सबसे गर्म रही। तापमान औसत से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। राजधानी की हवा भी फिर से खराब स्तर पर पहुंच गई। सोमवार को एक्यूआई 205 दर्ज किया गया। वहीं, आर्द्रता का स्तर 59 प्रतिशत पहुंचने से उमस ने भी परेशान किया।

दिल्ली में सोमवार को अप्रैल में छह साल में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पारा 26.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस मौसम में औसत से 3.5 डिग्री अधिक है। इससे पहले 2019 में दिल्ली में अप्रैल में अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 40 और 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो साल के इस समय के लिए सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आया नगर में अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस, रिज में 41.9 डिग्री सेल्सियस, पालम में 41.1 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड में 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन भर आर्द्रता का स्तर 59 प्रतिशत और 15 प्रतिशत के बीच उतार-चढ़ाव करता रहा, जिससे उमस और बढ़ गई।

इस बीच, निजी क्लाइमेट-टेक स्टार्टअप रेस्पिरर लिविंग साइंसेज के एक अध्ययन में कहा गया है कि दिल्ली की वायु प्रदूषण समस्या अब केवल सर्दियों के महीनों तक ही सीमित नहीं रह गई है। एक नए विश्लेषण से पता चलता है कि राजधानी की वायु गुणवत्ता पूरे साल लगातार खतरनाक बनी रहती है। यहां तक ​​कि पार्टिकुलेट मैटर (पीएम10) का स्तर गर्मी के मौसम में भी सुरक्षित सीमा को पार कर जाता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सोमवार को शहर की वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई। शाम 4 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 205 दर्ज किया गया। बता दें कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा, 51 से 100 के बीच को संतोषजनक, 101 से 200 के बीच को मध्यम, 201 से 300 के बीच को खराब, 301 से 400 के बीच को बहुत खराब तथा 401 से 500 के बीच को गंभीर माना जाता है।