कर्ज के तगादे से बचने को चार लाख लुटने की फर्जी घटना बनाई
गाजियाबाद में एकाउंटेंट सचिन बंसल ने कर्ज के तगादे से बचने के लिए अपने मुंशी के साथ मिलकर चार लाख रुपए की लूट की फर्जी घटना बनाई। पुलिस ने ऑडियो क्लिप से घटना का राज खोला और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार...

गाजियाबाद। कर्ज के तगादे से बचने के लिए एकाउंटेंट ने मुंशी के साथ मिलकर चार रुपए की लूट की फर्जी घटना बना डाली। मुंशी के मोबाइल में मिली ऑडियो क्लिप से फर्जी घटना का राज खुल गया, जिसके बाद मधुबन बापूधाम पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसीपी कविनगर स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे मनमोहन नामक व्यक्ति ने अपने साथ चार लाख रुपए की लूट होने के संबंध में मधुबन बापूधाम थाने पर सूचना दी थी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस के साथ-साथ वह खुद मौके पर पहुंच गए और जांच-पड़ताल की। मनमोहन ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह स्वर्णजयंतीपुरम निवासी अकाउंटेंट सचिन बंसल का मुंशी है। वह सचिन बंसल द्वारा दिए गए चार लाख रुपए लेकर दीपक त्यागी को देने जा रहा था। इसी बीच बाइक सवार दो बदमाश तमंचे के बल पर उससे चार लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मारने की धमकी दी थी। एसीपी की मानें तो शुरुआती जांच में घटना संदिग्ध प्रतीत हुई। जिसके बाद पुलिस ने मनमोहन और सचिन बंसल से अलग-अलग पूछताछ की तो उनके बयानों में विरोधाभास सामने आया।
एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को मनमोहन के मोबाइल से एक ऑडियो क्लिप भी मिली। इस ऑडियो क्लिप में मनमोहन और सचिन बंसल घटना के बाद बातचीत कर रहे थे। सचिन बंसल मनमोहन से पुलिस को लूट की फर्जी सूचना देने के लिए कह रहा था। इस क्लिप से दोनों आरोपियों की साजिश बेनकाब हो गई और पुलिस ने दोनों के खिलाफ झूठी सूचना देने व पुलिस को गुमराह करने का केस दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एसीपी के मुताबिक सचिन बंसल ने बताया कि उस पर दीपक त्यागी के दो लाख रुपए उधार हैं। दीपक अपने पैसे लौटाने का दबाव बना रहा था, लेकिन उसके पास पैसे नहीं थे। इसी कारण उसने अपने मुंशी के साथ मिलकर फर्जी लूट की कहानी रची।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।