बिजली कटौती से नाराज लोगों ने विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया
गाजियाबाद में शुक्रवार को भीषण गर्मी के बीच कई इलाकों में बिजली कटौती ने लोगों को परेशान किया। मोदीनगर में ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। ट्रांसफार्मर में आग लगने से भी अफरातफरी मची।...

गाजियाबाद। जनपद में शुक्रवार को भीषण गर्मी में कई इलाकों में छह घंटे तक बिजली घंटों गुल रही। मोदीनगर में पांच गांव के लोगों ने विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। जल्द समाधान के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। मोदीनगर में बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या सहित कई मांगों को लेकर भारतीय किसान मजदूर मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. बबली गुर्जर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। किसानों ने कार्यालय पर ताला लगाकर दो घंटे तक एसडीओ का घेराव किया। तीन दिन के अंदर सभी मांगें पूरी होने का आश्वासन मिलने पर शांत हुए। अधिशासी अभियंता महेश उपाध्याय ने फोन पर ग्रामीणों को सोमवार तक सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
ट्रांसफार्मर में आग लगने से अफरातफरी मची गाजियाबाद के चंद्रपुरी मोहल्ले में शुक्रवार को ट्रांसफार्मर में आग लगने से अफरातफरी गई। ट्रांसफार्मर में आग लगने के बाद काफी देर तक बिजली गुल रही। विद्युत निगम ने अस्थाई ट्रांसफार्मर का इंतजाम कर विद्युत आपूर्ति कराई। लोगों ने बताया कि रोजाना रात और दिन बिजली कटौती से परेशानी हो रही। शिकायत के बाद भी समाधान नहीं किया जा रहा। गोविन्दपुरम में दिन में कई बार ट्रिपिंग की समस्या रही। विजयनगर और लाल कुआं क्षेत्र में दो से तीन घंटे विद्युत आपूर्ति बंद रही। इस कारण लोगों को पानी संकट भी झेलना पड़ा। ट्रांस हिंडन में लोगों को परेशानी ट्रांस हिंडन के कई इलाकों में बिजली कटौती से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों का कहना है कि गर्मी बढ़ते ही पावर कट और ट्रिपिंग से गुरुवार रात को कई इलाकों में 15-20 बार लाइट गई। डिफेंस कॉलोनी में ढाई घंटे बिजली गुल रही। तुलसी निकेतन और इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में भी ट्रिपिंग के साथ पावर कट लगे। डिफेंस कॉलोनी में रहने वाले सोनू प्रजापति ने बताया कि गुरुवार रात को आठ से साढ़े 11 बजे तक 15 बार बिजली आई और गई। साढ़े 11 बजे जाने के बाद एक घंटे तक बिजली नहीं आई तो अधिकारियों को फोन किया। पहले हाईटेंशन लाइन का तार टूटने की बात कही गई। रात करीब डेढ़ बजे फोन किया तो दूसरी जगह ट्रांसफार्मर के फ्यूज उड़ने के बारे में बताया गया। करीब दो बजे लाइट आई और सुबह आठ बजे फिर चली गई। इस कारण 20 हजार लोग परेशान हुए। तुलसी निकेतन में रात आठ बजे लाइट जाने के बाद रात 12 बजे आई। इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में डेढ़ से दो घंटे में 15-20 मिनट के लिए बिजली चली जाती है। वहीं इंदिरापुरम, वसुंधरा और वैशाली में भी दो से तीन घंटे का पावरकट रहा। जोन तीन के मुख्य अभियंता दीपक अग्रवाल ने बताया कि फॉल्ट होने पर एक से दो घंटे बाद ही आपूर्ति शुरू कर दी जाती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।