सैनी के बिहार चुनाव में सम्राट को चेहरा बताने पर भाजपा की सफाई
प्वाइंटर - कहा- नीतीश के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा बिहार विधानसभा चुनाव पटना,

प्वाइंटर - कहा- नीतीश के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा बिहार विधानसभा चुनाव
पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिए बयान पर सोमवार को बिहार भाजपा ने सफाई दी। सैनी ने कहा था कि बिहार विधानसभा चुनाव सम्राट चौधरी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने स्पष्ट किया कि विधानसभा चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा और अगले मुख्यमंत्री भी नीतीश होंगे। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी यही बात दोहराई है। हालांकि, मुख्य विपक्षी दल राजद ने दावा किया कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के बाद अपना मुख्यमंत्री बनाने की योजना तैयार कर ली है।
दरअसल, बिहार में एनडीए 2020 के चुनाव की तरह कोई भ्रम पैदा होने की गुंजाइश नहीं छोड़ना चाहता है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से लेकर पार्टी के जिलाध्यक्ष तक मजबूती के साथ यह बात कह रहे कि 2025 का चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। 2020 के विधानसभा चुनाव में चिराग पासवान के एनडीए से अलग लड़ने की वजह से एनडीए को नुकसान उठाना पड़ा था। जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने कहा कि भाजपा ने साफ कर दिया है कि नीतीश कुमार ही बिहार चुनाव का चेहरा होंगे।
तेजस्वी का पलटवार
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने हरियाणा के सीएम के बयान पर सवालिया लहजे में कहा- ‘बीजेपी में कौन नहीं सीएम बनेगा? क्यों लड़ाई लगा रहे हैं। उन्होंने कहा, भाजपा में दो दिन बाद दूसरा नाम आ जाएगा। आप चिंता न करें।
यह कहा था सैनी ने
दरअसल, रविवार को गुरुग्राम में महात्मा ज्योतिबा फूले की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में नायब सिंह सैनी ने कहा था कि हरियाणा के बाद अब बिहार की बारी है। यह विजय की पताका रुकनी नहीं चाहिए। हमारे सम्राट चौधरी के नेतृत्व में विजय का झंडा बिहार के अंदर भी फहराया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।