दिल्ली की एक मात्र किन्नर पार्षद बॉबी ने आप छोड़ी
दिल्ली की किन्नर पार्षद बॉबी ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी में शामिल हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आप ने उन्हें बंधुआ मजदूर समझ रखा था और पार्टी का शीर्ष...

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम में सियासी उलटफेर जारी है। मंगलवार को दिल्ली की एकमात्र किन्नर पार्षद बॉबी ने आम आदमी पार्टी (आप) से इस्तीफा दे दिया। बॉबी ने सुल्तानपुरी ए वार्ड से वर्ष 2022 में आप के टिकट पर चुनाव जीता था। अब उन्होंने आदर्श नगर से पार्षद मुकेश गोयल के नए राजनीतिक दल इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (आईवीपी) का दामन थाम लिया है। सिविक सेंटर ए ब्लॉक में मुकेश गोयल की मौजूदगी में आईवीपी में शामिल होने के बाद प्रेसवार्ता में बॉबी ने कहा, बीते ढाई वर्ष से आप ने हमें बंधुआ मजदूर समझ रखा था। सदन की कार्यवाही नहीं हो रही थी।
इस संबंध में बॉबी ने महापौर को पत्र लिखकर आप से इस्तीफा देने और आईवीपी में शामिल होने की जानकारी दी। पत्र में बॉबी ने लिखा कि 2022 में मैं आप के टिकट पर चुनी गई थी, लेकिन निगम की सत्ता में रहने के बावजूद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व एमसीडी को सुचारू रूप से चलाने में असमर्थ रहा। शीर्ष नेतृत्व का पार्षदों से समन्वय न के बराबर रहा। कई पार्षद हमारे संपर्क में : गोयल इस घटनाक्रम के बाद आईवीपी के पार्षदों की सदन में संख्या 16 हो गई है। मुकेश गोयल ने संकेत दिए हैं कि कई अन्य आप पार्षद उनके संपर्क में हैं। इससे पहले सोमवार को गोयल को निगम सचिव कार्यालय की तरफ से सिविक सेंटर ए ब्लॉक में दो कक्ष आवंटित किए गए। इसके बाद वह पार्टी के पार्षदों के साथ निगम आयुक्त अश्विनी कुमार से मिलने भी पहुंचे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।