कमरे में बैग के अंदर महिला का शव मिला
शाहदरा के विवेक विहार इलाके में एक घर में 35 वर्षीय महिला का शव मिला। शव ट्रॉली बैग में था और सड़ने लगा था। पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस को शक है कि महिला की हत्या...

नई दिल्ली, कार्यालय संवाददाता। शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके के एक घर में शुक्रवार को करीब 35 वर्षीय महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घर का दरवाजा बाहर से बंद था और शव कमरे में बेड पर रखे एक ट्रॉली बैग में रखा था। शव को किसी तरह क्षत-विक्षत नहीं किया गया था। शव सड़ने लगा था। इसकी बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। स्थानीय पुलिस के अलावा क्राइम भी मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस मकान मालिक विवेकानंद मिश्रा को पकड़कर उससे पूछताछ कर रही है। इसके अलावा पुलिस घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है।
घर में किया जाता था ट्यूशन
पुलिस के मुताबिक, सत्यम एन्क्लेव स्थित एक घर से दुर्गंध और दरवाजे से खून बहकर बाहर आने की सूचना मिली थी। घर का दरवाजा बाहर से बंद था। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हुई है। जांच में पता चला कि इस घर में बच्चों को ट्यूशन और कोचिंग पढ़ाने का काम किया जाता है। घर में कोई नहीं रहता था।
कहीं और हत्या के बाद कमरे में लाया गया शव
शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला सत्यम एन्क्लेव इलाके की रहने वाली नहीं है। पुलिस आशंका जता रही है कि महिला की हत्या कहीं और की गई है। हत्या के बाद महिला के शव को बैग में रखकर यहां लाया गया है। ऐसा माना जा रहा है कि यहीं से शव को ठिकाने लगाने की तैयारी थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।