नोएडा के फार्म हाउस में पार्टी के बीच दो गुटों में मारपीट और गोलीबारी, 80 लोगों पर FIR
नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के एक फार्म हाउस में रविवार रात आयोजित एक पार्टी के दौरान मारपीट और गोलीबारी की घटना सामने आई। पुलिस ने इस संबंध में 80 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के एक फार्म हाउस में रविवार रात आयोजित एक पार्टी के दौरान मारपीट और गोलीबारी की घटना सामने आई। पुलिस ने इस संबंध में 80 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस घटना के पीछे दो सगे भाइयों के बीच जमीन विवाद बताया जा रहा है।
नॉलेज पार्क के थाना एसएचओ विपिन कुमार ने बताया कि पुलिस सेक्टर 151 स्थित फॉर्म हाउस में आयोजित पार्टी के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर ये लोग मौके से फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि इस मामले में करीब 20 लोगों को नामजद किया गया है और कम से कम 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इन लोगों पर मारपीट करने, एक दूसरे पर धारदार हथियार से हमला करने और गोलीबारी करने का आरोप है। एसएचओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्या है मामला
हिन्दुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, नॉलेज पार्क थाना अंतर्गत आने वाले स्पोर्ट लैंड फार्म हाउस सेक्टर 151 नोएडा में इक्नोन कम्पनी के पास करीब 300 बीघा जमीन है। इसमें भारत शर्मा पुत्र सतस्वरूप शर्मा निवासी पटपड़गंज, दिल्ली का 18 प्रतिशत शेयर है और नीरज शर्मा पुत्र सतस्वरूप शर्मा निवासी पटपड़गंज, दिल्ली का 77 प्रतिशत शेयर है। भारत और नीरज दोनों सगे भाई हैं। वहीं, नोएडा सेक्टर- 48 में आनंदा एल्डिको निवासी कुशल राठी पुत्र स्व. रविन्द्र पाल सिंह राठी का भी 5 प्रतिशत शेयर है। इसके अलावा भारत शर्मा नाइन0 ओ0 नाइन0 कम्पनी के डायरेक्टर भी हैं, जिनकी स्पोर्ट लैंड फार्म हाउस के अंदर करीब 100 बीघा से अधिक जमीन है। उक्त प्रकरण के संबंध में माननीय न्यायालय सिविल जज ( सीनियर डिवीजन) गौतमबुद्धनगर के न्यायालय में सिविल वाद संख्या- 709/2025 विचाराधीन है।
दिनांक 20.04.25 को उक्त जमीन को लेकर दोनों भाइयों में विवाद हुआ था, जिसके संबंध में नॉलेज पार्क में थाना मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अब तक 10 व्यक्तियों को गिरफ्तार करते हुए 06 गाड़ियों को सीज किया है। फायरिंग के संबंध में पुलिस द्वारा गहनता से जांच की जा रही है। विवाद के दौरान कोई भी व्यक्ति चोटिल या घायल नहीं हुआ है। आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।