Kanshiram Colony Faces Severe Neglect Residents Suffer from Poor Sanitation and Water Supply बोले कासगंज: कल्याण की आस में टूट रही कांशीराम कॉलोनी , Agra Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsAgra NewsKanshiram Colony Faces Severe Neglect Residents Suffer from Poor Sanitation and Water Supply

बोले कासगंज: कल्याण की आस में टूट रही कांशीराम कॉलोनी

Agra News - सोरों नगर पालिका के अंतर्गत कांशीराम कॉलोनी में 600 सरकारी आवास हैं, जिनमें से लगभग 400 बंद हैं। यहाँ के निवासी गंदगी, बंद नलकूप और बिजली की समस्याओं से परेशान हैं। कॉलोनी में अवैध रूप से रहने वाले...

Newswrap हिन्दुस्तान, आगराFri, 11 April 2025 10:56 PM
share Share
Follow Us on
बोले कासगंज: कल्याण की आस में टूट रही कांशीराम कॉलोनी

सोरों नगर पालिका के अंतर्गत आने वाली कांशीराम कॉलोनी को सरकार ने आवासहीन निर्धन लोगों के लिए बसाया था। इस कॉलोनी में कुल 600 सरकारी आवास है। जिनमें से लगभग 400 आवास बंद पड़े हैं। वहीं शेष 200 आवासों में लगभग 600 से अधिक गरीब एवं श्रमिक वर्ग के लोग निवास करते हैं। प्रशासन की बेरुखी के कारण इन आवासों में रहने वाले लोग कॉलोनी में फैली गंदगी, बंद पड़े नलकूप तथा बिजली संबंधी विभिन्न समस्याओं से त्रस्त रहते ही हैं। वहीं कॉलोनी में अवैध रूप से रहने वाले लोगों के उपद्रव के कारण उनकी जिंदगी नर्क जैसी हो चुकी है। आपके अपने समाचार पत्र हिंदुस्तान के जनसंवाद कार्यक्रम में यहां के निवासियों ने अपनी व्यथा को साझा किया है।

लोनीवासी बताते हैं कि सरकार ने गरीब एवं श्रमिक वर्ग के लोगों के लिए काफी समय पहले कांशीराम कॉलोनी का निर्माण कराया था। आवासों के आवंटन के समय यह कॉलोनी सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त थी। शासन की ओर से यहां के निवासियों के लिए बिजली पानी आदि सभी मूलभूत सुविधाओं का समुचित प्रबंध किया था। लेकिन प्रशासन की अनदेखी एवं बेरुखी के कारण अब इस कॉलोनी के हालात बदतर होते चले गए। कॉलोनी में अधिकांशत: नालियां एवं गटर चोक हो चुके हैं। नालियों एवं गटर चोक होने के कारण बारिश के मौसम में कॉलोनी में दूषित जल के भराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। कॉलोनी में नालियों एवं गटर के ऊपर घास एवं झाड़ियां उगी हुई हैंै।

कॉलोनी में पेयजल की आपूर्ति के लिए स्थापित नलकूप से पंप एवं मोटर आदि सब सामान गायब हो चुका है। इस वजह से कॉलोनी वासियों को पेयजल को लेकर सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं कॉलोनी में लगे 10 हैंडपंप और नलों में से 7 खराब हो चुके हैं। 3 नलों से भी पीने योग्य पानी नहीं आता हैं। लोग बताते हैं कि काफी समय पहले नगर पालिका द्वारा पूरी कॉलोनी के लिए केवल दो कूड़ेदान रखवाए थे। वो कचरे से भरे पड़े हैं, क्योंकि कचरे को उठाने के लिए कॉलोनी में नगर पालिका के कर्मचारी भी नहीं आते। कचरे के घर-घर संग्रहण के लिए भी कॉलोनी में कोई कोई कर्मचारी नहीं आता है। इस वजह से मजबूरन लोगों को खुले स्थानों पर कूड़ा फेकना पड़ता है। जिसके सड़ने पर भयंकर दुर्गंध आती है। इस वजह से कॉलोनी में चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा रहता है। नालियों एवं गटर के चोक होने की वजह से तथा खुले स्थानों पर लगे ढेरों में कचरे के सड़ने से चारों ओर भयंकर दुर्गंध आती रहती है। इसके साथ ही कॉलोनी में मक्खी एवं मच्छरों का प्रकोप भी छाया रहता है।

दूषित जल पीने के कारण एवं कॉलोनी में फैली गंदगी की वजह से लोग विभिन्न प्रकार की बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं। इसका सबसे ज्यादा प्रभाव बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों पर पड़ रहा है। बदबू और गंदगी के कारण खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। लोग बताते हैं कि प्रशासन एवं नगर पालिका की अनदेखी के कारण पूरी कॉलोनी में झाड़ियां उगी हुई हैं। मक्खी-मच्छरों की रोकथाम के लिए नगर पालिका के द्वारा कॉलोनी में फॉगिंग एवं एंटी लार्वा आदि दवाओं का छिड़काव भी नहीं कराया जाता है। वहीं कॉलोनी में रात्रि के दौरान प्रकाश हेतु लगी स्ट्रीट लाइट्स भी गायब हो चुकी हैं। इसके साथ ही लोगों का यह भी कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण बहुत से लोग आवासों का आवंटन कराए बिना ही कांशीराम कॉलोनी में रह रहे हैं। इस वजह से यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। आए दिन चोरी आदि की घटनाएं घटित होती रहती हैं। वहीं कॉलोनी में विद्युत आपूर्ति के लिए स्थापित ट्रांसफार्मर भी आए दिन खराब होता रहता है। इस वजह से भीषण गर्मी के कारण यहां के निवासियों की हालत खराब रहती है।

यहां लगभग आधे से ज्यादा हैंडपंप और नल खराब पड़े हैं। प्रशासन को इनकी मरम्मत करानी चाहिए। वहीं कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति के लिए स्थापित नलकूप भी ठप्प पड़ा है। जिससे गर्मियों के मौसम में पेयजल को लेकर कॉलोनी वासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। प्रशासन को नलकूप की मरम्मत पर भी विचार करना चाहिए। -पप्पू

नालियों एवं गटर के चोक होने की वजह से तथा खुले स्थानों पर लगे ढेरों में कचरे के सड़ने से चारों ओर भयंकर दुर्गंध आती रहती है। साथ ही कॉलोनी में मक्खी एवं मच्छरों का प्रकोप भी रहता है। पालिका एवं प्रशासन को मक्खी एवं मच्छरों की रोकथाम के लिए डीडीटी तथा एंटी लार्वा दवाओं का छिड़काव कराना चाहिए। -काजल

यहां आवासों से कूड़ा एकत्रित करने के लिए भी नगर पालिका के कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आते। कॉलोनी में सफाई तथा घरों से कूड़ा एकत्रित करने के लिए नगर पालिका के कर्मचारियों को नियमित एवं निर्धारित समय पर आना चाहिए। -अजीम

कॉलोनी में लगी स्ट्रीट लाइट्स खराब हो चुकी हैं। इससे असामाजिक तत्वों के होंसले बुलंद रहते हैं। खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट्स को ठीक कराना चाहिए अथवा उनकी जगह नई लाइट्स लगवाई जानी चाहिए। वहीं बिजली की पर्याप्त मिलनी चाहिए। -रीना

काफी समय पहले नगर पालिका के द्वारा पूरी कॉलोनी के लिए केवल दो कूड़ेदान रखवाए गए थे। वो कचरे से भरे पड़े हैं। क्योंकि कचरे को उठाने के लिए कॉलोनी में नगर पालिका के कर्मचारी भी नहीं आते। कॉलोनी में हर तरफ गंदगी फैली हुई है। -सोनू कुमार

बहुत से बिना आवंटन के ही कांशीराम कॉलोनी के सरकारी आवासों में रह रहे हैं। इस वजह से यहां उपद्रवियों का जमावड़ा रहता है। रात्री में ये लोग मादक पदार्थों का सेवन करके उत्पात मचाते हैं तथा आए दिन चोरी की घटनाएं घटित होती रहती हैं। -शाहिदा

बच्चों को खेलने के लिए कॉलोनी में पार्क के लिए स्थान निर्धारित किया गया था। लेकिन अब उस स्थान पर कचरे का ढेर लगा हुआ है। वहां से कूड़े के ढेर को हटवाया जाना चाहिए तथा पार्क का निर्माण होना चाहिए। ताकि लोग पार्क में व्यायाम कर सके। -रेहाना बेगम

लोगों को मजबूरन खुले स्थानों पर कूड़ा फेकना पड़ता है। जिसके चलते कॉलोनी में चारों तरफ गंदगी का अंबार लगा रहता है। खुले स्थानों पर लगे ढेरों में कचरे के सड़ने से चारों ओर भयंकर दुर्गंध आती रहती है। जिससे यहां रहना मुश्किल हो जाता है। -मोहर श्री

इस कॉलोनी के बाशिंदे आज नालियों एवं गटर की सफाई, तथा पेयजल आपूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसने को मजबूर हैं। गंदगी से नालियों का दूषित जल ओवर फ्लो होकर सड़कों पर बहने लगता है। इस तरफ किसी का ध्यान नहीं है। -गंगा देवी

कॉलोनी मे अवैध रूप से रहने वाले लोग आए दिन उपद्रव मचाते रहते हैं। यहां उपद्रवियों का जमावड़ा रहता है तथा आए दिन चोरी आदि की घटनाएं घटित होती रहती हैं। प्रशासन को ऐसे लोगों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करनी चाहिए। -मुन्नी देवी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।