मौसम ने बदली करवट, किसानों की मुश्किलें बढ़ीं
Amroha News - अमरोहा, संवाददाता। जिले में गेहूं की फसल पककर खेतों में तैयार खड़ी है, कटाई और थ्रेसिंग चल रही है। हालांकि मजदूरों की कमी के चलते कवायद तेजी नहीं पकड़

जिले में गेहूं की फसल पककर खेतों में तैयार खड़ी है, कटाई और थ्रेसिंग चल रही है। हालांकि मजदूरों की कमी के चलते कवायद तेजी नहीं पकड़ पा रही है। इस बीच गुरुवार सुबह से मौसम ने करवट बदली है। आसमान में तेज हवा के साथ बादल उमड़ रहे हैं, धुंध छाई है। आंधी-बारिश के आसार बने हैं। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव आया है। फिलहाल मौसम के बदले मिजाज के बीच अन्नदाता की मुश्किल बढ़ गई है। कृषि विशेषज्ञों कहना है यदि आंधी के साथ बारिश आती है तो कटा हुआ गेहूं और भूसा उड़ने से किसानों को खासा नुकसान होगा। तेज हवा के साथ बारिश होने पर गेहूं की फसल गिरने से भी कटाई कार्य में बाधा होगी। वहीं किसान जल्द फसल समेटने में जुटे हैं। गौरतलब है कि जिले में 72 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल पर गेहूं की खेती की जा रही है। फसल पककर तैयार हो चुकी है। कटाई और थ्रेसिंग कार्य चल रहा है। अगले 20 दिन तक जिले में कटाई कार्य जारी रहेगा। इस बीच उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। गुरुवार सुबह से आसमान में तेज हवा के साथ बदल उमड़ रहे हैं, धुंध भी छाई है। आंधी-बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने भी आंधी-बारिश का अलर्ट जारी कर किसानों को फसल बचाव को लेकर जागरूक किया है। किसानों का कहना है कि बारिश में कटा हुआ गेहूं भीगने से नुकसान होगा। कटाई और थ्रेसिंग कार्य भी प्रभावित हो सकता है। उत्पादन कम होने की चिंता भी सता रही है। यदि बारिश होती है तो फसल भीगने से गेहूं की चमक फीकी पड़ सकती है। इससे उपज के वाजिब दाम नहीं मिलेंगे। किसानों का कहना है कि पिछले साल की तरह इस साल भी फसल को नुकसान सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में बदलाव का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। किसान मौसम की स्थिति को देखकर ही फसल की कटाई व थ्रेसिंग कराएं। खराब मौसम के मद्देनजर फसल को सुरक्षित स्थानों पर रखें।
राम प्रवेश, उप कृषि निदेशक
एक डिग्री लुढ़क अधिकतम तापमान
बुधवार के मुकाबले गुरुवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। इससे लोगों को गर्मी का कम अहसास हुआ। हालांकि दोपहर में बादल छंटने के बाद धूप निकली। इससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री के आसपास रहा।
-38 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा रामपुर का।
-21 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा रामपुर का।
-16 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवाएं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।