जिलों में जाएं, उपलब्धियां बताएं, कैबिनेट मीटिंग के बाद योगी ने सभी मंत्रियों के साथ की बैठक, दिया टास्क
सीएम योगी ने सोमवार को कैबिनेट मीटिंग के बाद सभी मंत्रियों के साथ की बैठक की। उन्हें निर्देश दिया कि जिलों में जाएं और लोगों तक सरकार की आठ साल की उपलब्धियां बताएं।

प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आठ वर्ष पूरे होने पर अपनी उपलब्धियां आम लोगों तक पहुंचाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में सभी मंत्रियों, जिलों के प्रभारी बनाए गए मंत्रियों को निर्देश दिए हैं कि वे 25 मार्च को अपने-अपने क्षेत्रों में जाएं और वहां सरकार की आठ वर्ष की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं। इस दौरान उन्हें केंद्र सरकार व राज्य सरकार के ताजा बजट की खूबियों को भी जनता को बताने के साथ ही महाकुम्भ की सफलता भी लोगों तक पहुंचाने को कहा गया है।
प्रदेश कैबिनेट की बैठक के बाद सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में पूरे मंत्रिमंडल की बैठक हुई। इसमें मंत्रियों ने महाकुम्भ की अपार सफलता के लिए मुख्यमंत्री को बधाई दी। बैठक में अपने सभी सहयोगी मंत्रियों से कहा कि वे फील्ड में जाएं और पिछले आठ सालों के दौरान सरकार की उपलब्धियों को जनता को बताएं। तय किया गया है कि इस उपलक्ष्य में भव्य आयोजन किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्रियों से कहा कि प्रभार वाले जिले के मंत्री अपने से संबंधित जिले में जाकर केन्द्र व राज्य सरकार की उपल्ब्धियों के बारे में प्रेस कांफ्रेंस करें। जनता तक पूरी सूचनाएं पहुंचाएं।
दिव्य भव्य महाकुम्भ के बारे में बताएं
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों से कहा है कि सभी मंत्री अपने क्षेत्रों में दिव्य एवं भव्य महाकुंभ के बारे में बताएं। लोगों को बताएं कि कैसे इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए सरकार ने दिन-रात एक किया। आम लोगों को बताया जाए कि कठोर मेहनत और सामन्जस्य का फल है कि पूरी दुनियां से 66 करोड़ से अधिक लोग महाकुंभ में स्नान करने पहुंचे और स्नान कर प्रसन्न मन से सुरक्षित लौटे।
उन्होंने लोगों को इस दौरान प्रयागराज की कानून-व्यवस्था के बारे में भी बताने को कहा कि इतने विराट आयोजन में कोई छेड़छाड़ जैसी घटनाएं नहीं हुई। यह भी बताइएं कि ऐसी अद्वितीय व्यवस्था की जो लोग प्रयागराज आए वह भी और जो नहीं पहुंच सके, वह भी प्रशंसा करने से पीछे नहीं रहे। आम से लेकर खास तक ने मुक्त कंठ से महाकुंभ के आयोजन की प्रशंसा की। जनता को यह भी जानकारी दीजिए कि कैसे प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री ने उपेक्षित समझे जाने वाले सफाई कर्मियों से लेकर सुरक्षा कर्मियों तक का सम्मान किया। उनके साथ बैठकर भोजन किया।
बजट की बतानी होंगी खूबियां
मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को बजट में अपने विभाग से जुड़ी जनहित की तमाम योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योगी सरकार के आठ साल पूरे होने का हर जिले में भव्य आयोजन किए जाएं। अपने जिले के साथ ही प्रभार वाले जिले में भी सक्रियता बढ़ाएं। प्रदेश सरकार के बजट की उपलब्धियों को लोगों के बताएं।