जयमाल पर दुल्हन को गंदी-गंदी गालियां देने लगा दूल्हा, लड़की के घर वालों की भी करवाई बेइज्जती
- मैनपुरी में वरमाला स्टेज पर वरमाला डालने से पहले दूल्हे ने शराब के नशे में दुल्हन को गालियां दीं। दूल्हे के इस व्यवहार से दुल्हन का पारा चढ़ गया और उसने शादी करने से इनकार कर दिया।

यूपी के मैनपुरी में वरमाला स्टेज पर वरमाला डालने से पहले दूल्हे ने शराब के नशे में दुल्हन को गालियां दीं। दूल्हे के इस व्यवहार से दुल्हन का पारा चढ़ गया और उसने शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन के इनकार से दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया। रातभर पंचायत चली। मगर कोई समाधान नहीं निकला तो पूरी बारात किशनी थाने पहुंच गई।
मामला किशनी थाना क्षेत्र की कुसमरा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम बसंतपुर से जुड़ा है। जनपद इटावा के सैफई थाना चित्र के ग्राम शाहजहांपुर से बुधवार की रात किशनी थाना क्षेत्र के ग्राम बसंतपुर में बारात आयी थी। शाहजहांपुर निवासी आमोद बारात लेकर बसंतपुर मास्टर के घर पहुंच गया। बारात की खुशामद हुई। इसके बाद नाचते गाते बारातियों संग बारात चढ़कर दुल्हन के घर पहुंच गई। दरवाजे की रश्में पूरी होने के बाद वरमाला का कार्यक्रम शुरू हुआ तो स्टेज पर हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। दुल्हन डॉली का आरोप है कि वरमाला डालने से पहले दूल्हा उसे गालियां देने लगा। दूल्हा नशे में था। दूल्हे की इस हरकत से दुल्हन का पारा चढ़ गया और उसने शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन पक्ष का यह भी कहना था कि दूल्हे पक्ष की सारी मांगे पूरी की गई। लेकिन दुल्हन पक्ष के लिए दूल्हा पक्ष आभूषण और कपड़े घटिया लेकर आया।
पुलिस ने समझाया पर लड़की पक्ष शादी के लिए नहीं हुआ तैयार
दुल्हन की मां गुड्डी देवी और भाई लालू का कहना है कि जो जेवर आया था। वह नकली था। इससे शादी में उनकी बदनामी हो गई। दुल्हन फेरे लेने के लिए तैयार नहीं थी, पूरी रात दोनों पक्ष में समझौता होता रहा। लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद दूल्हा पक्ष बारातियों के साथ किशनी थाने पहुंच गया। जहां थाना प्रभारी ललित भाटी ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। लेकिन लड़की पक्ष शादी के लिए बिल्कुल तैयार नहीं हुआ। थाने में दूल्हे का कहना था कि शराब पीने के जो आरोप लगे हैं तो उसकी जांच मेडिकल कराकर करा ली जाए, उसने शराब नहीं पी और न ही गालियां दी।