गोरखपुर में एकतरफा प्यार में खौफनाक वारदात, सगी बहनों को गोली मार जान देने की कोशिश
गोरखपुर में एकतरफा प्यार में शुक्रवार को खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर सगी बहनों को गोली मार दी। इसके बाद खुद भी जान देने की कोशिश की है। बड़ी बहन की कहीं और शादी तय होने के बाद उसकी मौसी की पट्टीदारी के युवक ने ही वारदात को अंजाम दिया है।

गोरखपुर में एकतरफा प्यार में शुक्रवार को खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। सिरफिरे युवक ने घर में घुसकर सगी बहनों को गोली मार दी। इसके बाद खुद भी जान देने की कोशिश की है। बड़ी बहन की कहीं और शादी तय होने के बाद उसकी मौसी की पट्टीदारी के युवक ने ही वारदात को अंजाम दिया है। दोनों सगी बहनों और गोली चलाने वाले युवक की भी हालत गंभीर बनी हुई है। तीनों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना सिविल लाइंस इलाके में हुई है। युवक आजमगढ़ के खड़ीहानी का रहने वाला है। एक साथ दो बहनों को गोली मारने की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। जांच पड़ताल की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सिविल लाइंस में रहने वाली दो बहनों के पिता की मृत्यु हो चुकी है। इन्हीं बहनों का रिश्ते में मौसेरा भाई लगने वाला आजमगढ़ का युवक बड़ी बहन से एकतरफा प्यार करता था। उसने अपने साथ शादी की बात की लेकिन लड़की हमेशा इनकार करती रही। इसी बीच उसे पता चला कि लड़की की शादी कहीं और तय हो गई है।
शुक्रवार को वह लड़की के घर तमंचा लेकर पहुंच गया। यहां भी शादी को लेकर विवाद किया। लड़की ने एक बार फिर शादी से साफ इनकार कर दिया। इस पर तमंचा निकालकर उसे गोली मार दी। युवक का विरोध करने पर छोटी बहन को भी गोली मार दी। गोली चलते ही हड़कंप मच गया। इससे पहले कि युवक को पकड़ा जाता उसने खुद को भी गोली मार ली। घर में मौजूद लड़कियों की मां की चीख सुनकर आसपास के लोग पहुंचे।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि लड़कियों के पिता कृषि विभाग में कर्मचारी थे। उन्होंने सिविल लाइंस एरिया में सरकारी क्वार्टर एलाट कराया था। वहीं पर घटना हुई है। कारोना काल में उनकी मौत हो गई थी। बेटे को मृतक आश्रित में नौकरी मिली है। घटना के वक्त बेटा विश्वविद्यालय में बीए की परीक्षा दे रहा था। आरोपी लड़की की मां की बहन के जेठ का लड़का है।