महिला प्रोफेसर को I Love U बोलने वाले प्राचार्य पर बैठी जांच, ऐक्शन में आए डीएम
- यूपी के अलीगढ़ में महिला प्रोफेसर को I Love U बोलने वाले प्राचार्य पर जांच बैठा दी है। ऐक्शन में आए जिलाधिकारी ने कॉलेज प्रबंधन को जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यूपी के अलीगढ़ के एक प्रतिष्ठित कॉलेज के प्राचार्य द्वारा महिला प्रोफेसर को आई लव यू बोलने का मामला जिलाधिकारी तक पहुंच गया है। मामले का संज्ञान लेते हुए ऐक्शन आए डीएम ने प्राचार्य पर जांच बैठा दी है। डीएम ने कॉलेज प्रबंधन को जांच के आदेश दिए हैं। दरअसल, एक कॉलेज के प्राचार्य द्वारा साथी महिला प्रोफेसर को आईलवयू बोलने का व्हाट्सएप स्क्रीन शॉट वायरल होने के बाद शिकायत हुई थी। शिकायत में कहा गया कि प्राचार्य ने एक विभाग की प्रोफेसर पर अभद्र टिप्पणी की है।
घटना 27 फरवरी की बताई जा रही है। जिसमें प्राचार्य ने कैंसर जागरूकता कार्यक्रम के संबंध में एक सूचना सुबह 8.39 बजे डाली। जिसके बाद कुछ शिक्षकों को रिप्लाई आया। करीब 8.56 बजे सुबह उन्होंने महिला प्रोफेसर को आई लव यू का मैसेज लिखकर ऑफिशियल ग्रुप पर डाल दिया। मैसेज किए कुछ ही सेकेंड हुए होंगे कि प्राचार्य ने मैसेज डिलीट कर दिया। पर उस मैसेज का किसी ने स्क्रीन शॉट ले लिया। वह स्क्रीन शॉट वायरल हो रहा है।।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री से शिकायत
शिकायतकर्ता अनुज कुमार ने प्राचार्य के इस कृत्य की शिकायत राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी अलीगढ़, एसएसपी अलीगढ़, मुख्य सचिव उच्च शिक्षा उत्तर प्रदेश, निदेशक उच्च शिक्षा प्रयागराज, कुलपति राजा महेंद्र प्रताप विवि अलीगढ़, क्षेत्रीय अधिकारी उच्च शिक्षा आगरा, प्रबंध समिति कॉलेज को शिकायती पत्र लिखा है। शिकायतकर्ता ने शिकायत के साथ स्क्रीन शॉट को भी अटैच किया है। प्राचार्य ने तब बताया था कि उनकी पत्नी का नाम उनके नाम जैसा ही है। गलती से ग्रुप में मैसेज चला गया।
अलीगढ़ डीएम संजीव रंजन ने बताया कि छात्र द्वारा इस संबंध मे शिकायत की गई है। संज्ञान लेते हुए कॉलेज प्रबंधन को जांच करने को पत्र प्रेषित किया गया है। जांच के बाद ही सत्यता पता चलेगी।