भाजपा को हाता नहीं भाता तिलक नहीं लुभाता: अखिलेश
Lucknow News - लखनऊ, विशेष संवादादाता सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा

लखनऊ, विशेष संवादादाता सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर है। भाजपा वोट के लिए कुछ भी कर सकती है। इनको न हाता भाता है न तिलक लुभाता है। भाजपा सरकार विपक्ष और खासकर ब्राह्मणों के खिलाफ राजनीतिक दुर्भावना से फैसले लेती है। जिलों में ब्राह्मणों की हत्याएं हो रही हैं। वह बुधवार को पार्टी के प्रबुद्ध सम्मेलन के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। पीडीए में ब्राह्मण भी शामिल श्री यादव ने कहा कि पीडीए में ब्राह्मण भी शामिल हैं क्योंकि पंडित लिखने से पहले ही पीडी लिखा जाता है।
पीडीए में हर पीड़ित शोसित शामिल है। हम सब मिलकर 2027 में भाजपा सरकार को हटाने का काम करेंगे। भाजपा के हटने पर ही लोग खुशहाल होंगे और उन्हें अन्याय, अत्याचार से छुटकारा मिल सकेगा। अखिलेश ने कहा कि बस्ती में पुलिस हिरासत में ब्राह्मण युवक की मौत हुई। यूपी में पुलिस कस्टडी में सबसे ज्यादा हत्याएं हो रही हैं। परिवार को ज़िंदा जला दिया गया। सरकार राजनीतिक विरोधियों को जेल भेज रही है। रमाकांत यादव, इरफान सोलंकी, आजम खां, गायत्री प्रसाद प्रजापति को जेल भेजा गया। उन्होंने कहा कि कई बड़े लोग वित्तीय घोटाले में फंसे हैं। भूषण स्टील को किसी बड़े उद्योगपति को दे दिया गया है। भाजपा हर स्कीम पैसा बनाने के लिए बनाती है। यह सरकार अन्याय कर रही है। नेता विरोधी दल विधानसभा उत्तर प्रदेश माता प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि भाजपा जाति विशेष की सरकार है। वह समाज का नियंता है। ब्राह्मण अब 2027 में भाजपा को हटाकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगा। पूर्व सांसद कुशल तिवारी भीष्म तिवारी ने कहा कि समाजवादी विधारधारा पर संकट हैं, हम किसी किस्म का दबाव बर्दाश्त नहीं करेंगे। अभी एक वर्ष का समय है। हम भाजपा के खिलाफ लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाएंगे। तभी 2027 में हमारा मान सम्मान वापस आएगा। इससे पूर्व संचालन कर रहे पवन पाण्डेय पूर्व मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में ब्राह्मणों पर लगातार अत्याचार हो रहा है। अभी हत्याएं हो रही हैं। कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने तमाम घटनाएं गिनाईं और कहा कि अब हमें मिलकर भाजपा को सत्ता से बेदखल करना है। कार्यक्रम में शिवपाल सिंह यादव, माता प्रसाद पाण्डेय, अवधेश प्रसाद, राजेन्द्र चौधरी, श्यामलाल पाल, अभिषेक मिश्र, कुशल तिवारी, गणेश शंकर पाण्डेय, संतोष पाण्डेय, यासर शाह आदि प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।