बोले मैनपुरी: शहर के हिस्से दरीबा आंशिक को मिले अफसरों का पूरा साथ
Mainpuri News - मैनपुरी। महमूद नगर का दरीबा आंशिक क्षेत्र बदहाली के दौर से गुजर रहा है। यहां के बाशिंदे विकास की आस में लगे रहते हैं।
महमूद नगर का दरीबा आंशिक क्षेत्र बदहाली के दौर से गुजर रहा है। यहां के बाशिंदे विकास की आस में लगे रहते हैं। लेकिन पालिका द्वारा अभी तक इस क्षेत्र में जीर्णशीर्ण पड़ी सड़कों का निर्माण नहीं कराया गया है। इसके अलावा इस इलाके में मिश्रित आबादी होने के बावजूद पानी की भीषण किल्लत रहती है। पानी देने के लिए वाटर लाइन तो डाली गई लेकिन अभी तक कनेक्शन देने की जहमत नहीं उठाई गई है। शहर के बीचो बीच बसे दरीबा आंशिक के हालात गांव से भी बदतर हो गए हैं। यहां के लोगों ने हिन्दुस्तान के बोले मैनपुरी कार्यक्रम में अपनी समस्याएं बताई और नगरपालिका से समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
सरकार से मांग की है कि इस क्षेत्र का अन्य वॉर्डों की तरह विकास कार्य कराए जाए। नगरपालिका के वार्ड 11 महमूद नगर के दरीबा आंशिक अमर शूजवाली गली के बाशिंदे बदतर जिंदगी जी रहे हैं। सड़कों के नाम पर बदहाल सड़कें, पीने के नाम पर वहां लगे समस्त हैंडपंप खराब पड़े हैं। गंदगी नालों में भरी पड़ी है। खाली पड़ा मैदान गंदगी का ढेर लिए हुए है। जिससे उक्त इलाके में काफी मच्छर व एक दर्जन से अधिक परिवार के लोग बीमारी से ग्रसित हैं। डेंगू बुखार का कहर भी अगले महीने से शुरू हो जाएगा। मुस्लिम आबादी होने के कारण नगरपालिका ने दरीबा आंशिक पर कतई ध्यान नहीं दिया। जिससे वहां के बाशिंदे नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। मोहल्ले में भीषण गर्मी के चलते पानी की सबसे बड़ी समस्या हैं। यहां पर पालिका द्वारा पाइपलाइन तो बिछा दी गई लेकिन आजतक लोगों को कनेक्शन नहीं दिए गए हैं और पाइप लाइन में पानी भी नहीं छोड़ा गया है। जिससे लोग इस गर्मी के मौसम में पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब तक कनेक्शन नहीं होते तब तक कम से कम 2 वाटर कूलर लगवा दिए जाएं। जिससे इस गर्मी के मौसम में काफी हद तक उन्हें कुछ राहत मिलेगी। उबड़ खाबड़ सड़कें पालिका की पोल खोल रही हैं। इन सड़कों पर लोग रोजाना गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई बार वहां के बाशिंदों ने नगरपालिका में मूलभूत समस्यों की शिकायत की लेकिन आज तक किसी भी अधिकारी ने वहां जाकर लोगों का हाल नहीं जाना। बरसात के समय यह इलाका टापू का रूप धारण कर लेता है। जिससे लोगों का आवागमन का रास्ता भी बंद हो जाता है। कई बार मोहल्ले के छोटे-छोटे बच्चे नाले में गिर जाते हैं। जिनको बचाना मुश्किल हो जाता है। पेयजल के नाम पर वहां लगे इक्का दुक्का नल पानी छोड़ गए हैं। जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ता है। दरीबा आशिंक मुस्लिम व वाल्मीकि मिश्रण वाला इलाका है। जहां पर अधिकारियों का ध्यान नहीं जाता है। जिससे लोग बदतर जिंदगी जीने को मजबूर हैं। सफाई के नाम पर वहां गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। नाले नालियां महीनों से साफ नहीं होते हैं। जिससे वहां मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। मच्छर बढ़ने से अधिकांश घरों में लोग बुखार की चपेट में पड़े हुए हैं। पालिका द्वारा वहां एंटी लार्वा का छिड़काव भी नहीं कराया जाता है। जो मच्छरों के प्रकोप को रोक सके। मोहल्ले के मुजम्मिल मिर्जा, अकील, समीर, सगीरा, वीरेंद्र, लाल, आकाश, लालू खटीक, राजेंद्र आदि का कहना है कि नगरपालिका प्रशासन इस इलाके के विकास के लिए प्लान तैयार करे और नारकीय जीवन जीने वाले लोगों को सुख सुविधाओं का लाभ दिलाएं। पहले प्रशासन यहां पर सर्वे कराकर विकास कार्य कराए। और इस पिछड़े आंशिक दरीबा के लोगों को गंदगी, टूटी-फूटी सड़कें व गंदगी से निजात दिलाए। बोले लोग नगरपालिका के वार्ड 11 के लोग पीने के पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। 50 परिवार कई महीनो से पीने के पानी की समस्या को लेकर अधिकारियों से शिकायत भी की लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं हो पाया है। -अबीदा हर घर जल योजना के तहत मोहल्ले के अंदर पानी के लिए 6 माह पूर्व पाइपलाइन तो बिछा दी है। मगर अभी तक कनेक्शन नहीं हुआ है। जिससे लोगों के घरों में पानी नहीं मिल पा रहा है। और वह पानी की समस्या से जूझ रहे है। -आकाश भीषण गर्मी में वाटर लेवल आए दिन गिरता जा रहा है। मोहल्ले में लगे तीन सरकारी हैंडपंप में पानी आना बंद हो चुका है। जिसको पालिका ठीक भी नहीं करा रही है। अब सवाल यह है कि पानी की समस्या का निदान कैसे हो। -अंजुम दरीबा क्षेत्र के लोग गंदगी और जलभराव से परेशान हो चुके हैं। पूरे शहर में नाले की सफाई हो रहीं हैं किंतु मोहल्ले में अभी तक सफाई नहीं हुई। नालियां गंदगी से भरी पड़ी हैं। जिससे सड़कों पर गंदा पानी भर रहा है। -अशरद आगरा रोड स्थित अमर शू सेंटर वाली गली पूर्ण रूप से बदहाल पड़ी है। पूर्व चेयरमैन द्वारा इंटरलॉकिंग बिछाई गई थी। जब पाइपलाइन डाली गई तो उसे उखाड़ दिया गया और सही नहीं कराया गया है। बारिश के दौरान सड़क की हालत बहुत बेकार हो जाती है। -गुड्डी मोहल्ले में सीवर की सफाई न होने से सेफ्टिक टैंकों से सड़क पर बह रही गंदगी से दुर्गंध आ रही है। जो लोगों का जीना दूभर कर रही है। कई बार इसकी शिकायत भी की गई लेकिन नगरपालिका कर्मचारी इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। -लालू मोहल्ले में लगे अधिकांश हैंडपंप जमीदौज हो गए हैं। जिन पर अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया है। समय रहते अगर ध्यान दिया जाता तो आज इन हैंडपंप में पानी आ रहा होता और लोगों को पेयजल की समस्या का सामना नहीं करना पड़ता। -सवीना 50 घरों में से एक दर्जन घर ऐसे हैं। जिसके प्रत्येक घर में एक से दो सदस्य बीमार पड़े हैं। यह सभी परिवार मजूदरी करके ही गुजर बसर कर रहे हैं। गंदगी फैलने के चलते यह लोग बीमार पड़े थे। कैंप लगाकर इनका इलाज किया जाए। -मुन्नी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।