लिसाड़ी गेट में पांच मकानों की छत गिरी, पेड़ उखड़ा, कई घायल
Meerut News - मेरठ में बुधवार रात आंधी और बारिश के कारण लिसाड़ी गेट की शाहजहां कॉलोनी में पांच मकानों की छत गिर गई। इस घटना में कई लोग घायल हुए, जिनमें एक महिला और उसकी बेटी शामिल थीं। समर गार्डन कॉलोनी में भी एक...

मेरठ। आंधी और बारिश में बुधवार रात लिसाड़ी गेट के शाहजहां कॉलोनी में पांच मकान की छत गिर गई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। दूसरी ओर, समर गार्डन कॉलोनी में भी पेड़ गिरने से एक राहगीर युवक घायल हो गया। लिसाड़ी गेट की शाहजहां कॉलोनी गली-10 निवासी इरशाद ट्रैक्सी चालक है। इरशाद के मकान के पीछे ही युनूस का मकान है। आंधी और बारिश में युनूस के मकान की दूसरी मंजिल पर बनी दीवार और छत टूटकर इरशाद के मकान पर आ गिरी। इरशाद का मकान जमींदोज हो गया और अंदर मौजूद उसकी पत्नी अफशा और 16 साल की बेटी शारिबा मलबे में दब गए।
लोगों ने किसी तरह से दोनों को मलबे से बाहर निकाला और हापुड़ रोड नर्सिंग होम में भर्ती कराया। दूसरी घटना शाहजहां कॉलोनी गली-9 में हुई। यहां पर शहजाद निवासी ढबाईनगर का 4 मंजिला मकान है, जिसमें पावरलूम फैक्ट्री लगाई हुई है। इसी मकान की सबसे ऊपर वाली मंजिल से चारदीवारी टूटकर बराबर में ही तीन मकान की छत पर जा गिरी। इस घटना के दौरान गुलजार, साजिद और रियाजुद्दीन के मकान की छत गिर गई। गुलजार की पुत्रवधू इमराना हादसे में घायल हो गई, जबकि बाकी दोनों घरों में लोग मामूली चोटिल हुए। इसके अलावा गली-10 शाहजहां कॉलोनी निवासी डॉ. नौशाद अली की बाहर वाली दीवार भी गिर गई। इसी के चलते पड़ोसी अनीय की मोपेड भी मलबे में दब गई। समर गार्डन में पेड़ गिरा आंधी और बारिश के चलते समर गार्डन कॉलोनी में एक पेड़ टूटकर गिर गया। इसी के चलते एक राहगीर युवक घायल हो गया। लोगों ने युवक को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।