साढ़ू ने साढ़ू के सिर पर पत्थर से प्रहार कर की हत्या, फरार
Mirzapur News - विंध्याचल, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अरगजा पांडेयपुर गांव में शुक्रवार की

विंध्याचल, हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अरगजा पांडेयपुर गांव में शुक्रवार की रात मुर्गा व दारु पार्टी के दौरान दो सगे साढ़ू आपस में भिड़ गए। मारपीट में एक साढ़ू ने दूसरे साढ़ू के सिर पर पत्थर से प्रहार कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ देर बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंचे एएसपी सिटी नितेश सिंह ने थानाध्यक्ष अमित कुमार के साथ घटना की जांच की। अभी तक घटना का कारण पता नहीं चल सका है। पुलिस आशनाई व अन्य एंगल से जांच कर रही है।
आरोपी साढ़ू के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं आरोपित घर से फरार है। विंध्याचल के महुआरी कला गांव निवासी 32 वर्षीय सुभाष मुसहर व लालगंज थाना क्षेत्र के तुलसी गांव निवासी 38 वर्षीय राजीव मुसहर दोनों आपस में सगे साढ़ू हैं। सुभाष का घर से डेढ़ किमी दूर अरगजा पांडेयपुर पहाड़ी पर पाही है। शुक्रवार की रात सुभाष ने पाही पर मुर्गा पार्टी रखी थी। पार्टी में सुभाष का साढ़ू राजीव भी शामिल था। सुभाष व राजीव ने जमकर शराब पी। रात लगभग आठ बजे दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों आपस में मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान सुभाष ने राजीव के सिर पर पत्थर से प्रहार कर दिया। सिर में चोट लगने से राजीव जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद सुभाष व उसकी पत्नी और बच्चे सभी घर से भाग निकले। स्थानीय लोगों की सूचना पर विंध्याचल कोतवाल अमित कुमार हमराही संग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल राजीव को विंध्याचल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिए। पुलिस की सूचना पर मृत राजीव के परिजन पहुंच गए। परिजनों की तहरीर पर पुलिस आरोपी सुभाष के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश में जुट गई है। वहीं एसएसपी सोमेन बर्मा ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीम गठित कर दी है। राजीव की हत्या किस कारण से हुई, पुलिस अभी तक पता नहीं लगा सकी है। पुलिस आशनाई व अन्य एंगल से जांच कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।