दहेज के लिए विवाहिता का किया उत्पीड़न, करा दिया गर्भपात
Saharanpur News - कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में एक विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया और जबरन गर्भपात कराया गया। पीड़िता की शादी 21 जून 2020 को हुई थी, लेकिन ससुरालियों का व्यवहार बाद में बदल गया। उसने...

कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में रहने वाली एक विवाहिता को दहेज की खातिर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं, ससुरालियों ने जबरन विवाहिता का गर्भपात भी करा दिया हे। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाने में आरोपी ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के मुताबिक उसकी शादी 21 जून 2020 को हुई थी। शादी में परिजनों ने 10 लाख रुपये खर्च किए थे। दहेज में सोने-चांदी के जेवरात के साथ ही सभी तरह घरेलू सामान दिया था। शादी के कुछ समय तक पति और ससुरालियों का व्यवहार ठीक रहा, लेकिन बाद में उसे ताने मारने शुरू कर दिए। इसके साथ ही मायके से दहेज लाने की मांग करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि जब वह गर्भवती हुई तो सास, ससुर, पति और ननदों ने जबरन गर्भपात करा दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। किसी प्रकार उसकी जान बच सकी। इसके बाद उसने अगस्त 2022 में एक बच्ची को जन्म दिया। बेटी को जन्म देने पर आरोपी ताने मारने लगे और उसे प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। 28 जून 2023 को विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। पीड़िता तभी से मायके में रह रही है। आरोप है कि गला दबाकर हत्या की कोशिश की गई थी। पीड़िता ने मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय महिला आयोग में प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही एसएसपी को शिकायती पत्र दिया गया। पीड़िता की तहरीर पर महिला थाने में ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
----
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।