धन वर्षा गिरोह के एक और सदस्य को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Sambhal News - धनारी पुलिस ने तंत्र-मंत्र और धन-वर्षा के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मुख्य आरोपी बबलू ठाकुर को गिरफ्तार किया गया, जो मानव तस्करी और यौन शोषण में लिप्त था। पुलिस ने उसके मोबाइल से...

तंत्र-मंत्र और तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर धन-वर्षा (नोटो की बारिश) कराने का झांसा देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए थाना धनारी पुलिस ने इस गिरोह के एक प्रमुख सदस्य को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह न केवल धन-वर्षा के नाम पर ठगी करता था, बल्कि मानव तस्करी और यौन शोषण जैसे गंभीर अपराधों में भी लिप्त था। इस गिरोह का बबलू ठाकुर उर्फ सुनील, जो कि जनपद एटा का रहने वाला है, मुख्य सदस्य था। पुलिस की सख्त कार्रवाई ने इस गिरोह के खिलाफ एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गौरतलब है कि 21 मार्च 2025 को थाना धनारी पर राजपाल नामक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी माँ का इलाज कराने के नाम पर कुछ लोग उसके बेटे को जबरन अगवा कर ले गए थे। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ कि इस गिरोह के सदस्य धन-वर्षा तांत्रिक प्रक्रिया के नाम पर गरीब परिवारों की लड़कियों और लड़कों को मानव तस्करी के लिए इस्तेमाल कर रहे थे। एएसपी आइपीएस अनुकृति शर्मा ने बताया कि पुलिस ने बबलू ठाकुर उर्फ सुनील निवासी ग्राम खुशालपुर, थाना अवागढ़, जनपद एटा को गिरफ्तार किया। यह आरोपी इस गिरोह का एक महत्वपूर्ण सदस्य था, जो लड़कियों की वीडियो बनाकर तांत्रिकों को भेजता था। एएसपी शर्मा ने बताया कि अभियुक्त बबलू ठाकुर के मोबाइल से पुलिस को कई अश्लील वीडियो और चैट्स बरामद हुए, जिनमें लड़कियों के शरीर के अंगों की नाप-तौल से लेकर तांत्रिक क्रिया के वीडियो तक शामिल हैं। यह वीडियो गिरोह के अन्य सदस्यों को भेजे जाते थे ताकि तंत्र-मंत्र के नाम पर अधिक पैसा कमाया जा सके। बबलू को धारा 111(2)/143 BNS और धारा 67A IT Act के तहत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक हिरासत में भेजा गया। धन-वर्षा के इस गिरोह के खिलाफ पुलिस ने और भी अभियुक्तों को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और मानव तस्करी और यौन शोषण के मामलों में न्यायिक कार्रवाई की जाएगी।
बबलू पर दर्ज हैं कई मुकदमे
बबलू ठाकुर पर पहले से भी कई अपराध दर्ज हैं, जिसमें हत्या का प्रयास और गंभीर अपराधों का भी आरोप था। वह धन-वर्षा तंत्र से जुड़ने के लिए आर्थिक तंगी और जल्द अमीर बनने के लालच में फंसा था, जिससे वह इस गिरोह का हिस्सा बन गया। बबलू के मिले मोबाइल फोन में लड़कियों की अश्लील वीडियो और तांत्रिक क्रियाओं से संबंधित संदेश मिले हैं। साथ ही वीडियो रिकॉर्डिंग में जिसमें धन-वर्षा तंत्र की झूठी गतिविधियों को पुलिसय ने बरामद किया है।
क्या है 'धन-वर्षा तांत्रिक ठगी गिरोह'?
गिरोह में तीन प्रमुख पार्टियां शामिल हैं:
A पार्टी: जो तांत्रिक क्रिया के लिए लड़कियों/लड़कों को उपलब्ध कराती है।
B पार्टी (मीडिया): जो इन लड़कियों को तांत्रिकों से मिलवाती है।
C पार्टी (गुरू): जो तांत्रिक क्रियाओं को अंजाम देने के लिए आवश्यक जानकारी जुटाती है।
इस गिरोह के सदस्य किसी 'तंत्र-मंत्र' का झांसा देकर लड़कियों और लड़कों की तस्करी करते थे और उनका यौन शोषण कर वीडियो बनाते थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।