संभल को मिली हरियाली की सौगात, सहजन बनेगा सेहत का सिपाही
Sambhal News - इस मानसून में संभल जनपद हरियाली की नई मिसाल पेश करने जा रहा है। वन विभाग और जिला प्रशासन मिलकर 23 लाख सहजन पौधे लगाएंगे। सहजन को 'सेहत का सिपाही' बनाकर हर घर तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा।...

इस मानसून में जनपद संभल हरियाली की नई मिसाल पेश करने जा रहा है। वन विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल पर जिलेभर में 23 लाख पौधे लगाए जाएंगे, जिनमें इस बार सहजन (मुनगा) को भी महत्व दिया जा रहा है। पौष्टिकता और औषधीय गुणों से भरपूर सहजन को अब 'सेहत का सिपाही' बनाकर हर घर तक पहुंचाने की योजना तैयार की गई है। सहजन को लेकर जिले में पहली बार गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीणों को इसके पौष्टिक लाभ, पर्यावरणीय महत्त्व और आर्थिक उपयोगिता के बारे में बताया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि सहजन की खेती को प्रोत्साहन देने से गांवों की आर्थिक स्थिति भी बेहतर हो सकेगी।
वन विभाग की योजना के अनुसार सहजन के पौधे सिर्फ खेतों या बाग-बगीचों में नहीं, बल्कि स्कूल परिसरों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्राम पंचायत भवनों में भी लगाए जाएंगे। बच्चों को बचपन से पौष्टिकता की सीख देने और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का यह अभिनव प्रयास है। पोषण, पर्यावरण और आय, एक ही समाधान में संभल। सहजन को पोषण का खजाना कहा जाता है। इसकी फली, पत्तियां, फूल और जड़ें औषधीय गुणों से भरपूर होती हैं। यह कुपोषण से लड़ने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और गंभीर बीमारियों की रोकथाम में सहायक है। साथ ही, इसकी खेती से ग्रामीणों को आय का स्थायी साधन भी मिल सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।