अयोध्या-काशी की तर्ज पर बनाया जाएगा तामेश्वरनाथ धाम, सीएम योगी ने खोला खजाना
अयोध्या और काशी की तर्ज पर संतकबीरनगर का तामेश्वरनाथ धाम विकसित किया जाएगा। यहां पर कॉरिडोर बनाया जाएगा। सोमवार को यह ऐलान यहां पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। यहां के लिए करोड़ों की सौगात भी दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और काशी की तर्ज पर बाबा तामेश्वरनाथ धाम के भव्य कारिडोर के निर्माण की सोमवार को घोषणा की। उन्होंने महाभारतकालीन पौराणिक स्थल तामेश्वरनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम में करीब डेढ़ हजार करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इसके बाद आयोजित जनसभा में कहा कि अब देश बदल चुका है। यह बिना रुके, बिना झुके अपनी विरासत व विकास यात्रा को आगे बढ़ा रहा है।
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक भारत को विश्व की सबसे बड़ी ताकत बनाने का लक्ष्य तय किया है। यह लक्ष्य 140 करोड़ देश वासियों के सामूहिक प्रयास से हासिल होगा। इसके लिए सभी सांसद, विधायक, ग्रामीण व शहरी निकाय मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दस साल पहले तक कोई यह विश्वास नहीं करता था कि देश में विश्वस्तरीय सुविधा वाल इंफ्रास्ट्रक्चर होगा। लेकिन इसे देश ने साबित कर दिखाया है। आज विश्वस्तरीय हाइवे, रेलवे, मेट्रो, एयरवेज की सुविधाएं मिल रही हैं।
आठ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने रोजगार की चर्चा करते हुएए कहा कि बीते 8 साल में 8 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि हाल ही में 60 हजार से अधिक नौजवानों को यूपी पुलिस में नौकरी दी गई है।
अब यूपी में विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के साथ प्रदेश भी विरासत का विकास के पथ पर बढ़ रहा है। दस साल पहले तक प्रदेश में इसकी कोई कल्पना तक नहीं कर सकता था। आज प्रदेश विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ आगे बढ़ रहा है। देश का सबसे बड़ा हाईवे नेटवर्क प्रदेश में है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे बनने के बाद गोरखपुर, संतकबीरनगर, अम्बेडकरनगर एक्सप्रेस-वे से कनेक्ट होने पर यातायात आसान हुआ। उत्तर प्रदेश देश में सबसे बड़ा वाटर वे, रेल व मेट्रो नेटवर्क वाला प्रदेश बन गया।
राम मंदिर का सपना हुआ साकार
योगी ने कहा कि आज के दस साल पहले कोई राम मंदिर निर्माण के बारे में सोच नहीं सकता था। लेकिन डबल इंजन की सरकार में भव्य राम मंदिर का सपना साकार हुआ। अयोध्या को भव्य नगरी का स्वरूप मिल रहा है। यहां आने वालों को सुविधाएं मिल रही हैं। इसी के साथ काशी में भव्य कारीडोर का निर्माण हुआ। विंध्य धाम का भी भव्य स्वरूप तैयार हुआ। प्रयागराज में दिव्य एवं भव्य महाकुंभ का आयोजन किया गया।