लखनऊ एयरपोर्ट पर आफत! फ्लाइट लेट-लगेज छूटा दुबई, ईंधन कम हुआ तो काठमांडू की फ्लाइट यहां लैंड
- लखनऊ एयरपोर्ट पर मंगलवार-बुधवार की देर रात दुबई से एक फ्लाइट लेट पहुंची। परेशान यात्री जब लगेज लेने कन्वेयर बेल्ट के पास पहुंचे तो पता चला कि वह दिल्ली में छूट गया है।

लखनऊ एयरपोर्ट पर मंगलवार-बुधवार की देर रात दुबई से एक फ्लाइट लेट पहुंची। परेशान यात्री जब लगेज लेने कन्वेयर बेल्ट के पास पहुंचे तो पता चला कि वह दुबई में छूट गया है। गुस्साए यात्रियों ने एयरपोर्ट स्थित एयरलाइंस के काउंटर पर खूब हंगामा किया। वहीं, इंडिगो की कर्मचारी ने उनसे कहा कि लगेज छूटने के लिए एयरलाइंस जिम्मेदार नहीं है। ऐसा दिल्ली एयरपोर्ट पर तकनीकी खोट की वजह से हुआ।
लखनऊ के एक यात्री अनूप मिश्रा ने बताया कि उन्होंने भोपाल से दिल्ली होते हुए लखनऊ की कनेक्टिंग फ्लाइट का टिकट बुक कराया था। फ्लाइट पहले भोपाल से ही लेट उड़ी। इसके बाद दिल्ली में भी अव्यवस्था झेलनी पड़ी। लखनऊ के लिए दुबई से उनको फ्लाइट संख्या 6ई 2703 से आना था। इसकी बोर्डिंग ही देर से शुरू हुई।
इस फ्लाइट को लखनऊ 10:40 बजे पहुंचना था लेकिन यह रात 12:30 बजे पहुंची। इसके बाद लगेज नहीं मिला। नतीजतन यात्रियों की झुंझलाहट बढ़ गई। इतनी देर होने पर भी यात्रियों को कोई नाश्ता या चाय-कॉफी नहीं दी गई। बाद में एयरलाइंस ने एक कैब से उनको घर भेजा।
दिल्ली से काठमांडू जा रही फ्लाइट का ईंधन कम हुआ, लखनऊ में लैंडिंग
दिल्ली से नेपाल के काठमांडू जा रही फ्लाई दुबई की फ्लाइट एफजेड 1133 ईंधन कम होने पर लखनऊ उतरी। फ्लाइट में 151 यात्री और छह क्रू सदस्य थे। बाद में सुबह 10:17 बजे यह फ्लाइट वापस काठमांडू के लिए रवाना हुई। एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि यह फ्लाइट रोजाना दिल्ली से रात 2:05 बजे उड़ान भरने के बाद सुबह 8:00 बजे काठमांडू उतरती है।
बुधवार को फ्लाइट जब नेपाल पहुंची तो वहां मौसम खराब था। विमान काफी देर तक आसमान में चक्कर काटता रहा। इस दौरान उसका ईंधन खत्म होने के कगार पर पहुंच गया। फ्लाइट कैप्टन ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से मदद मांगी। इसके बाद विमान को प्राथमिकता पर लखनऊ में उतरने की अनुमति दी गई। यहां पर यह विमान सुबह 9:40 बजे उतरा।