पुलिस को नहीं पता कहां गया जुमा मस्जिद लिखा बोर्ड, संभल में विवाद के बीच सत्यव्रत चौकी में नहीं मिला
- यूपी में संभल की शाही जामा मस्जिद के नाम बदलने के विवाद के बीच भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा तैयार किया गया 'जुमा मस्जिद' का नया नीले रंग का बोर्ड चर्चा का विषय था। वही बोर्ड अब चौकी में नहीं है।

यूपी में संभल की शाही जामा मस्जिद के नाम बदलने के विवाद के बीच भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा तैयार किया गया 'जुमा मस्जिद' का नया नीले रंग का बोर्ड चर्चा का विषय था। यह बोर्ड सत्यव्रत पुलिस चौकी में रखा हुआ था और स्थानीय लोगों के वीच उत्सुकता और सवालों का केंद्र बना हुआ था, कि बोर्ड तैयार है, अब अगला कदम क्या होगा? लेकिन अब वह बोर्ड कहां है, इसके बारे में पुलिस को भी जानकारी नहीं है? बोर्ड अब तक सत्यव्रत चौकी में रखा था। लेकिन अब चौकी से कहां रखा गया इसकी जानकारी नहीं है।
संभल में कोट पूर्वी स्थित सत्यव्रत पुलिस चौकी के सामने मस्जिद को लोग आज तक शाही जामा मस्जिद के नाम से जानते हैं। शाही जामा मस्जिद के हरिहर मंदिर होने के दावे के बाद मस्जिद के नाम को लेकर संशय शुरू हो गया। एएसआई ने हाईकोर्ट में दिए अपने हलफनामे में इसे जुमा मस्जिद बताया है। इसको लेकर एएसआई मस्जिद पर जुमा मस्जिद के नाम से नया बोर्ड लगाने की तैयारी कर रही थी। जो सालों पूर्व मस्जिद कमेटी ने उखाड़ दिया था। इसके लिए एक नीले रंग का बोर्ड तैयार करवाकर पुलिस चौकी भिजवाया गया।
नीले रंग में बनकर तैयार हुआ नया बोर्ड सत्यव्रत पुलिस चौकी में रखा था। चौकी में रखे बोर्ड को लेकर लोगों में उत्सुकता थी कि क्या अब यह बोर्ड मस्जिद पर लगेगा? या फिर कोई और निर्णय शेष है? बुधवार को बोर्ड सत्यव्रत चौकी में नहीं था, पुलिस को भी इसके बारे में जानकारी नहीं है कि आखिर बोर्ड कहां है। एएसपी डॉ. श्रीश्चंद्र ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि एएसआई का बोर्ड था, जो कुछ दिन पहले उन्होंने चौकी में देखा था, उन्हें अब बोर्ड के बारे में जानकारी नहीं है। एएसआई के अधिकारियों को बोर्ड के बारे में जानकारी होगी।