UP Weather: यूपी में फिर बदलेगा मौसम, कहीं हीट वेव तो कहीं आंधी-पानी के आसार
- बंगाल की खाड़ी, अरब सागर में बने विक्षोभों के अतिरिक्त आधा दर्जन मौसमी सिस्टम एक साथ एक्टिव हैं। इससे देश में कहीं हीट वेव तो कहीं आंधी-पानी की स्थितियां बनी हुई हैं। यूपी में अगले 72 घंटों में हर दिन अलग-अलग हिस्सों में बदलाव होगा। कानपुर और आसपास 11 अप्रैल को गरज चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

UP Weather Update: यूपी में मौसम एक बार फिर बदलेगा। कहीं हीट वेव तो कहीं आंधी-पानी के आसार हैं। दिन ही नहीं अब रात की गर्मी भी परेशान करने लगी है। मंगलवार को कानपुर में रात का पारा 25 डिग्री पर पहुंच गया। पिछले 24 घंटों में 7.5 डिग्री की वृद्धि हुई। रात से ही तेज हवाएं चलने लगीं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटों में 50 से 55 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। रविवार को गरज चमक के साथ बूंदाबांदी भी संभव है। वहीं, दोपहर को इस कदर धूप निकली कि निकलना तक मुहाल हो गया।
बंगाल की खाड़ी, अरब सागर में बने विक्षोभों के अतिरिक्त आधा दर्जन मौसमी सिस्टम एक साथ एक्टिव हैं। इससे देश में कहीं हीट वेव तो कहीं आंधी-पानी की स्थितियां बनी हुई हैं। उत्तर प्रदेश में अगले 72 घंटों में हर दिन अलग-अलग हिस्सों में बदलाव होगा। कानपुर और आसपास 11 अप्रैल को गरज चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।
न्यूनतम तापमान 25 डिग्री पहुंच गया
रात का तापमान 17.5 से सीधे 25 डिग्री पहुंच गया। बदली होने के कारण तापमान में तेजी से वृद्धि हुई। अप्रैल में रात का पारा सामान्य के नजदीक चल रहा था। मंगलवार को यह सामान्य से 04.2 डिग्री अधिक हो गया। बादलों के रहने के कारण रात का तापमान आगे भी अधिक बना रहेगा। दिन का पारा 39.5 से 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है।
72 घंटे तक चलेंगी तेज रफ्तार हवाएं
मंगलवार रात से अगले 72 घंटों तक तेज रफ्तार हवाएं चलती रहेंगी। इसकी गति 45-55 किमी प्रति घंटा तक रहेंगी। सरफेस विंड होने के कारण दिन में धूल उड़ने से राहगीरों के लिए काफी परेशानियां पैदा कर सकती हैं। तेज रफ्तार हवाओं का दौर कानपुर और आसपास बना रहेगा।
छाए बादल, दिन-रात का तापमान चढ़ा
पूर्वी यूपी में भी मौसम का मिजाज बदल रहा है। अप्रैल के पहले पखवारे में गर्मी के बाद अब मौसम में बादलों की एंट्री हुई है। मंगलवार से आसमान में हल्के काले बादल छा गए हैं। हवा में नमी बढ़ी है। इसके बावजूद दिन और रात के तापमान में इजाफा हुआ है।
अप्रैल के पहले पखवारे में दिन का तापमान लगातार सामान्य से अधिक रहा है। सूरज की किरणें आग उगलती रहीं। दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब तक पहुंच गया। मंगलवार से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता का आंशिक असर दिखा है। नेपाल की तरफ से आए बादलों के कारण दोपहर के बाद मौसम सुहाना हुआ।
मंगलवार की सुबह से आसमान साफ रहा। सूरज निकला। चटख धूप हुई। दिन चढ़ने के साथ सूरज की किरणें लाल हुई। बीते 24 घंटे में दिन के तापमान में आंशिक इजाफा हुआ। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। हालांकि दोपहर ढाई बजे के बाद मौसम में बदलाव हुआ। बादल छा गए। हवा की नमी में इजाफा हुआ। ठंडी हवा चली।
रात में उछला पारा
आसमान में बादलों की मौजूदगी की वजह से रात के तापमान में सबसे ज्यादा इजाफा हुआ। बीते 24 घंटे में रात का तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस का उछाल हुआ। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिन में पारा फिसला उमस ने घुटन बढ़ाई
मेरठ सहित वेस्ट यूपी में मंगलवार को दक्षिणी-पूर्वी हवाओं की दस्तक ने गर्मी और उमस की मार पढ़ा दी। अधिकतम तापमान में गिरावट के बावजूद उमस ने गर्मी से बेहाल कर दिया। आज भी अधिकांश समय उमस जैसे स्थिति और भीषण गर्मी की स्थितियां कायम रहेंगी। हालांकि कल से वेस्ट यूपी में प्री-मानसूनी गतिविधियां शुरू होने के आसार हैं। इससे आंधी और बारिश की आशंका है और गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को मेरठ में दिन-रात का तापमान क्रमश: 37.3 एवं 19.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सोमवार की रात मेरठ में सीजन की सबसे गर्म रात दर्ज हुई। सोमवार के सापेक्ष दिन में 1.2 डिग्री की गिरावट हुई।
बिजली संकट से लोग बेहाल
फाल्ट और मेंटीनेंस कार्य निर्बाध बिजली आपूर्ति में बाधा बन रहे हैं। बिजनेस प्लान और आरडीएसएस योजना के कार्यों की धीमी रफ्तार के कारण गर्मी में बिजली संकट लोगों को परेशान करने लगा है। मंगलवार को घंटाघर समेत कई इलाकों में लोगों ने दिन में बिजली संकट झेला। पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
प्रदेश का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा आगरा
हीटवेव (लू) के दूसरे दिन आगरा प्रदेश का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहा। जबकि 42.6 डिग्री के साथ झांसी पहले और 40.2 डिग्री के साथ बांदा दूसरे नंबर पर गर्म रहा है। बुधवार को भी लू का अलर्ट है।
मंगलवार को सुबह नम हवाएं चलने से राहत महसूस की गई। 10 बजे के बाद तापमान बढ़ने लगा। दोपहर 12 बजे नम हवाएं लू में बदल गईं। शाम चार बजे तक यही हालात रहे। सड़कों और बाजारों में भीड़ कम रही। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भी लू झेलनी पड़ेगी। इसके बाद राहत की उम्मीद है। 10 अप्रैल से तेज सतही हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आएगी। बादल भी छाए रहेंगे। यहां फिलहाल बारिश के आसार नहीं जताए गए हैं। ऐसे में दिन का तापमान 40 डिग्री या इससे कम हो सकता है। 14 अप्रैल के बाद दोबारा तापमान बढ़ने का अनुमान है।
सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक पारा
मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री ज्यादा होकर 42.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक होकर 22 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 61 रहा।