अल्मोड़ा में महिला के घर का किया घेराव, जान से मारने की धमकी
अल्मोड़ा में खत्याड़ी की एक महिला ने आरोप लगाया है कि दो व्यक्तियों और कई अज्ञात लोगों ने उसके घर का घेराव किया और जान से मारने की धमकी दी। महिला ने पुलिस को सूचना दी और मामला दर्ज कराया है। वह अपने...

अल्मोड़ा। खत्याड़ी निवासी एक महिला ने दो लोगों पर कई अज्ञात के साथ घर का घेराव करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। महिला का कहना है कि वह एक बेटी और बेटे के साथ अपने पिता के दिए मकान में रहती है। उनके पति का निधन हो गया है। आरोप लगाया कि उनके पड़ोस में रहने वाली एक महिला के साथ उनकी कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ा तो बेस चौकी से दो पुलिसकर्मी आए और मामला शांत कराया। इसके कुछ देर बाद रात साढ़े नौ बजे महिला के देवर बबलू नेगी और देवेंद्र नेगी 15-20 लोगों को लेकर उनके घर के बाहर आ धमके। उन्होंने घर का घेराव किया और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। जानकारी मिलने पर उनके भाई ने डायल 100 से कोतवाली पुलिस को सूचना दी। बेस चौकी से दो पुलिस जवानों ने उन्हें शांत कराया। उनका कहना है कि यहां उनका कोई रिश्तेदार नहीं है। वह बच्चों के साथ अकेले रहती हैं। आरोपियों से उन्हें भय बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल योगेश चंद्र देउपा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।