दमुवाढूंगा में एक भी घर से नहीं हटेगी ईंट : मेयर
हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने दमुवाढूंगा में किसी भी घर को नहीं हटाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों को मालिकाना हक दिलाने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मेयर ने...

हल्द्वानी। मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा है कि दमुवाढूंगा में एक भी घर की ईंट नहीं हटाई जाएगी। क्षेत्र के तीनों वार्ड के लोगों को मालिकाना हक दिलाने के लिए बंदोबस्ती का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। गुरुवार को नगर निगम सभागार में प्रेसवार्ता करते हुए मेयर ने विपक्षी दलों पर क्षेत्र के लोगों में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। नगर निगम के वार्ड 35, 36 और 37 में फैले दमुवाढूंगा क्षेत्र के लोग लगातार मालिकाना हक दिए जाने की मांग उठाते रहे हैं। इसके लिए महापंचायत के साथ ही अन्य तरह से भी अपनी आवाज उठा चुके हैं। लोगों को आशंका है कि उन्हें उजाड़ा भी जा सकता है। इसे लेकर गुरुवार को मेयर ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार विकास योजनाओं के माध्यम से काम किया जा रहा है। पेयजल और सीवरेज के लिए यहां 125 करोड़ की लागत से काम किया जा रहा है। इसके बाद भी विपक्षी दल लोगों में निजी लाभ के लिए अफवाह फैला रहे हैं। जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति बन रही है। कहा कि तीनों वार्ड में बने किसी भी घर की एक ईंट नहीं हटाई जाएगी। जिन लोगों ने यहां मकान बनाने के लिए प्लाट लिए हैं, उन्हें भी मालिकाना हक दिया जाएगा। इसके लिए प्रशासन के माध्यम से दो माह पहले क्षेत्र में बंदोबस्ती का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। मुख्यमंत्री से हुई वार्ता में भी जल्द लोगों को मालिकाना हक दिए जाने का आश्वासन मिला है। मेयर ने कहा कि लगभग दो माह में इसके लिए ठोस कार्रवाई शुरू हो जाएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से किसी भी तरह के बहकावे में नहीं आने का अनुरोध किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।