मुख्य पार्षद पर फायरिंग सहित अन्य कांडों में वांछित अपराधी गिरफ्तार
बिहिया थाने की पुलिस के हत्थे चढ़ा अपराधी , ख्य पार्षद पर राजेश यादव की ओर से की गयी थी फायरिंग -सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करने में भी थी राजेश की तलाश

बिहिया थाने की पुलिस के हत्थे चढ़ा अपराधी -कृष्णगढ़ थाना क्षेत्र के पदमिनिया गांव से सोमवार की शाम पकड़ा गया कुख्यात राजेश यादव -29 जनवरी को बिहिया नपं मुख्य पार्षद पर राजेश यादव की ओर से की गयी थी फायरिंग -सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करने में भी थी राजेश की तलाश आरा। हिन्दुस्तान संवाददाता भोजपुर के बिहिया नगर पंचायत के मुख्य पार्षद सचिन कुमार गुप्ता से रंगदारी मांगने और नहीं देने पर फायरिंग करने सहित विभिन्न कांडों में वांछित कुख्यात अपराधी राजेश यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध गांव निवासी दशरथ यादव के पुत्र राजेश यादव को सोमवार की शाम कृष्णगढ़ थाने के पदमिनिया गांव से गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ पूर्व से विभिन्न थानों में रंगदारी, लूट और आर्म्स एक्ट सहित सात केस दर्ज हैं। फिलहाल उसकी मुख्य पार्षद पर फायरिंग करने और सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो एवं वीडियो पोस्ट करने में तलाश थी। एसपी राज की ओर से मंगलवार को प्रेस बयान जारी कर राजेश यादव की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई। पुलिस के अनुसार इसी साल 29 जनवरी को बिहिया नपं के मुख्य पार्षद सचिन कुमार गुप्ता से रंगदारी की गयी थी। मना करने पर कुछ घंटों के बाद ही उन पर फायरिंग कर दी गयी थी। इस मामले में मुख्य पार्षद के बयान पर राजेश यादव सहित अन्य अपराधियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। इसके अलावा इसी साल एक अप्रैल को सोशल मीडिया पर राजेश यादव की फेसबुक आईडी से हथियार के साथ दबंगई स्टेट्स वाले मैसेज और वीडियो पोस्ट किए गए थे। उस मामले में भी राजेश यादव सहित अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। इन दोनों ही मामलों में राजेश यादव फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी भी की जा रही है। उसी क्रम में सोमवार की शाम सूचना मिली की राजेश यादव पदमिनिया गांव में देखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद बिहिया थानाध्यक्ष आदित्य कुमार के नेतृत्व में टीम द्वारा पदमिनिया गांव में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार उसके अलावे भी राजेश यादव के खिलाफ पूर्व से बिहिया, बड़हरा, धनगाई एवं जगदीशपुर थाने में रंगदारी एवं आर्म्स एक्ट सहित करीब आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।