जिले में हुई तेज बारिश, किसान परेशान
अररिया में मौसम ने रविवार को अचानक बदलाव किया। सुबह हल्की बारिश के बाद तेज हवा और बारिश ने किसानों की परेशानियां बढ़ा दी। मक्का और आम की फसल को नुकसान हुआ है, और बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। तापमान में...

अररिया, निज प्रतिनिधि । जिले में एक बार फिर मौसम ने अपना मिजाज बदल दिया। रविवार की सुबह से ही जिले में मौसम का मिजाज बदला बदला सा रहा। सुबह के वक्त जिले के अलग-अलग इलाके में हल्की बूंदाबांदी बारिश के साथ आसमान में बादल छा गए। इस कारण मौसम सुहाना बना रहा। इसके बाद धूप तो निकली लेकिन आसमान में बादल छाए रहने के कारण धूप की गर्माहट कम रही। हालांकि रविवार की शाम एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। इसके बाद रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे कुछ देर के लिए हल्की धूप निकली लेकिन फिर सूर्य देव बादलों की ओट में छिप गए।
इस बीच रविवार की शाम अचानक तेज हवा और मेघ गर्जन के साथ बारिश शुरू हो गई। वहीं बारिश के बाद जिला मुख्यालय समेत जिले के अलग-अलग इलाकों में विद्युत आपूर्ति सेवा ठप हो गई। करीब दो घंटे तक बिजली बाधित रही। बारिश के कारण खेत और खलिहानों में तैयार मक्का फसल भींग जाने से किसानों की परेशानी बढ़ गई। इस बीच तापमान का पारा चार डिग्री सेल्सियस गिर गया। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान का पारा 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई जबकि न्यूनतम पारा 24 डिसे दर्ज की गई। मक्का की फसल और आम के टिकोले को नुकसान: इधर तेज हवा के साथ बारिश के कारण खेत-खलिहान में उपजे फसल के नुकसान होने से किसानों का कलेजा फट रहा है। खासकर मक्का की फसल और आम के टिकाले को अधिक नुकसान होने की आशंका है। तेज हवा से आम की फसलों को अधिक नुकसान हुआ है। इससे पहले भी आई तेज आंधी में आम के टिकोले गिरे थे। लेकिन दूसरी बार आंधी पानी आने से फिर से आम की फसलों को नुकसान पहुंचा है। तेज हवा और पानी के कारण कई इलाके में बिजली आपूर्ति फिर से ठप हो गयी है। हालांकि हवा अधिक देर तक नहीं चलने के कारण ज्यादा नुकसान की संभावना नहीं है। बारिश से आम जनजीवन को राहत मिली, वहीं किसानों की परेशानी बढ़ गई है। मक्का तोड़कर खेत व खलिहान में रखे फसल भींग गए। काट कर खेत व खलिहान में रखे फसलों को अधिक नुकसान हुआ है। वहीं आम की फसल को काफी क्षति हुई है। बारिश से मौसम सुहाना हुआ है। जिससे लोगों को गर्मी से निजात मिली है। लेकिन बारिश से लोगों की मुश्किलों बढ़ गयी है। थोड़ी देर की बारिश में ही शहर की सड़कों पर पानी जमा हो गया। गौरतलब हो कि कुछ दिन पहले भी तेज हवा के साथ जिले में मूसलाधार बारिश हुई थी। इस दौरान मक्का उत्पादक किसानों को काफी नुकसान झेलना पड़ा था, खेत और खलिहानों में रखे फसल भीग जाने से किसान बेहाल थे लेकिन बारिश थमने के बाद किसानों ने भीग चुके गेहूं फसल को सुखाकर किसी तरह घर लाया लेकिन अब फिर मक्का तैयारी करने का पिक आवर चल रहा है। एक बार फिर आई बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। इधर मौसम विभाग के मुताबिक जिले में अगले दो दिनों तक तापमान का पारा कमोवेश इसी तरह रहेगा। तापमान में मामूली उतार चढ़ाव दिखेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।