बिहार का देश का पहला राज्य, जहां जीविका को होगा अपना बैंक : श्रवण कुमार
जीविका से जुड़ कर ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी बन रही हैं आत्मनिर्भर खरीक

नवगछिया, निज संवाददाता। खरीक बाजार स्थित मां चैत्रावली दुर्गा मंदिर के प्रांगण में शनिवार को आयोजित मुख्यमंत्री महिला संवाद में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और बिहपुर विधायक सह सचेतक ई. कुमार शैलेन्द्र शामिल हुए। जहां मंत्री, विधायक और बीडीओ राजीव रंजन कुमार, डीपीएम निर्मल गरेन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उदघाटन किया। मंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं से और बेहतर बिहार बनाने के लिए बारी-बारी से सुझाव लिए। इस मौके पर विधायक ने कहा कि मैं लगातार महिला संवाद में जा रहा हूं। जिस तरह महिलाएं पूरे उत्साह के साथ संवाद में शामिल हो रही हैं, इससे यह साफ है कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी आगे बढ़ रही हैं।
वहीं, मंत्री ने महिलाओं की भीड़ देख कर कहा कि यह बदलते बिहार की सबसे बड़ा तस्वीर है। बिहार पूरे देश का पहला राज्य है, जहां जीविका से जुड़ी दीदियों का अपना बैंक होगा। पूरे बिहार में 72 हजार से अधिक जगहों पर महिला संवाद का आयोजन होना है। जिसमें 37 हजार से अधिक जगहों पर हो चुका है। बिहार में वर्ष 2006 से जीविका स्वयं सहायता समूह का शुभारंभ हुआ। अबतक 10 लाख 63 हजार समूह का निर्माण हो चुका है। समूह निर्माण में देश में बिहार पहले स्थान है। रोजगार के क्षेत्र में अब ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं भी आगे बढ़ रही हैं। बिहार देश का पहला राज्य है जहां एक साथ एक लाख 20 हजार शिक्षकों की बहाली हुई, जिसमें 50 प्रतिशत महिला शिक्षक ही शामिल हैं। शीघ्र ही राज्य के सभी प्रखंडों में प्रखंड मुख्यालय में समाधान केंद्र खोला जाएगा। जिसमें जीविका दीदियों की तैनाती होगी। जो प्रखंड मुख्यालय आने वाले लोगों को सहयोग करेंगे। शीघ्र ही राज्य के सभी प्रखंडों में एक-एक प्रखंड स्तरीय सिलाई सेंटर खोला जाएगा। जिसमें एकसाथ 100 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा और मास्टर ट्रेनर के रूप में जीविका दीदी की बहाली होगी। इसके अलावा महिला को सशक्त बनाने के लिए और कई निर्णय लिए जाएंगे। इस मौके पर सरपंच वंदना देवी, मुखिया गणेश मंडल, विजय साह, धर्मेंद्र कुमार शर्मा, प्रभु प्रिंस, मेहता सच्चिदानंद, नवीन चौधरी, चंद्रशेखर सिंह समेत जीविका दीदी निरूपा राय, जुली कुमारी, पूजा कुमारी, अंजना देवी, उर्मिला देवी, रोमा कुमारी, संगीता कुमारी आदि मौजूद थे। महिला ने मंत्री से की यह मांग जीविका दीदी रोमा कुमारी ने मंत्री से मांग की कि शीघ्र ही स्मार्ट मीटर को हटाकर पुनः पुराना वाला मीटर को लगाया जाय। वहीं, पूजा कुमारी समेत अन्य दीदियों ने खरीक में डिग्री कॉलेज, प्रखंड स्तरीय विवाह भवन निर्माण कराने और लीची व केला के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए बेहतर व्यवस्था और पंचायत स्तर पर पुस्तकालय का निर्माण कराने की मांग की।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।