सुपौल : गर्मी के कारण आम लोगों का जन जीवन अस्त-व्यस्त, दिनचर्या बिगड़ी
सुपौल में शनिवार को गर्मी ने कहर बरपाया। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोग गर्म हवा और लू से परेशान हैं। अस्पताल में मरीजों की संख्या 30% बढ़ गई है। डॉक्टरों ने...

सुपौल। हिन्दुस्तान संवाददाता जिले में शनिवार को गर्मी कहर बरपा रहा है। जिस कारण आम लोगों की दिनचर्या बिगड़ गई है। वहीं सुबह से गर्म हवा के साथ लू के थपेड़ों ने आम लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। धूप का असर बढ़ने के साथ ही गर्मी में लोगों के पसीने छूट रहे हैं। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 36 डिग्री सेल्सियस पर रिकॉर्ड किया गया। इधर जिले के मुख्य एनएच 57, एनएच 106, एनएच 327 सहित अन्य सड़कें धूप में धधकने लगी हैं। लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए हैं। तेज धूप के कारण सड़कों पर लोगों का आवागमन न के बराबर हो रहा है।
भीषण गर्मी में लोग पसीनों से भीगे रहे हैं। सड़कों पर सन्नाटा पसर गया है। चटक धूप में लोग झुलसते दिख रहे हैं। गर्मी से लोगों को फिलहाल राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। गर्मी से बचाव के लिए लोग विभिन्न उपाय करते रहे। स्थानीय लोगों में बताया कि रोजगार प्रभावित हुआ है। घरों में बच्चों और बुजुर्गों की सेहत बिगड़ रही है। उधर रेफरल अस्पताल के प्रभारी सह डॉक्टर दीप नारायण राम ने कहा कि गर्मी से बचाव के लिए ज्यादा पानी पीना चाहिए। ताजा भोजन ग्रहण करना चाहिए। पैकेट फूड के इस्तेमाल से परहेज करने की जरूरत है।इधर, मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले 24 घंटे में मौसम में बदलाव दिख सकता है। हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम में हर दिन हो रहे फेरबदल के कारण लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है। लोग विभिन्न तरह की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। जिस कारण रेफरल अस्पताल राघोपुर में इन दिनों मरीजों की संख्या में 30 फीसद तक इजाफा हो गया है।शनिवार को ड्यूटी पर तैनात डॉ. संजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि मौसम में फेरबदल के कारण टाइफाइड, डायरिया, वायरल बुखार, स्किन एलर्जी, आई फ्लू, सर्दी, खांसी, पेट रोग, डिहाइड्रेशन के अलावा मच्छरों के काटने से डेंगू जैसे गंभीर बीमारियों की चपेट में लोग आ रहे हैं। लोगों को इस समय बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। लोगों को अधिक पौष्टिक भोजन करने की सलाह दी। वहीं जंक फूड का सेवन नहीं करने को कहा। हल्का गर्म पानी का सेवन लाभदायक बताया।वहीं रेफरल अस्पताल प्रबंधक नोमान अहमद ने बताया कि अस्पताल में 20 फीसदी मरीजों का इजाफा हो गया है। वहीं अस्पताल में लगभग सभी तरह की जरूरी दवाइयां उपलब्ध है। शीतल पेय पदार्थों की दुकानों पर उमड़ रही भीड़ गर्मी के प्रकोप से बचाव को लेकर लोग शीतल पेय पदार्थ का सेवन करते दिख रहे हैं। शनिवार को लोहिया चौक, सदर अस्पताल रोड, स्टेशन रोड, सिमराही बाजार, पिपरा, निर्मली, वीरपुर, त्रिवेणीगंज, छातापुर, भीमनगर, किशनपुर, कुनौली, सरायगढ़ आदि बाजारों में शीतल पेय पदार्थों की दुकानों पर भीड़ उमड़ रही है। दुकानदारों के चेहरे खिले दिखे। स्थानीय निवासी सुगदेव शर्मा, लालकृष्ण झा, मनोहर चौधरी, मोहन कुमार आदि ने बताया कि गर्मी का प्रकोप अपने चरम पर पहुंच गया है। गर्मी से बचाव को लेकर शीतल पेय का सहारा ले रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।