छाता लेकर घर से निकलें, पटना में बारिश; वज्रपात और आंधी का येलो अलर्ट; बिहार में आगे कैसा रहेगा तापमान
Bihar Weather Today: मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने के आसार नहीं है। जबकि शनिवार को राज्य के अधिकतम तापमान में 2.8 और न्यूनतम तापमान में 6.5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई।
Bihar Weather Today: बिहार की राजधानी पटना में रविवार दोपहर बाद मौसम के मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार शाम में या रात के समय मेघगर्जन और हल्की बारिश होने की संभावना है। आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। वहीं बिहार के एक-दो स्थानों पर भी ठनका और आंधी-बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के एक या दो स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का येलो अलर्ट है।
वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने के आसार नहीं है। जबकि शनिवार को राज्य के अधिकतम तापमान में 2.8 और न्यूनतम तापमान में 6.5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। प्रदेश का सबसे गर्म शहर 39 डिग्री सेल्सियस के साथ रोहतास का डेहरी और सबसे ठंडा शहर 21.4 डिग्री सेल्सियस के साथ किशनगंज रहा।
पटना सहित राज्य में सूरज के तल्ख तेवर के कारण दिन में लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। पटना के अधिकतम तापमान में 2.1 और न्यूनतम तापमान में 4.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। राजधानी का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जबकि पटना और नालंदा के राजगीर में 28 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।