लोकतंत्र में संसद सबसे ऊपर, जनप्रतिनिधियों का अधिकार सर्वोपरि: राम नरेश सिंह
आवश्यक : बिहारशरीफ, हमारे संवाददाता। बिहार शांति मिशन के अध्यक्ष और पूर्व विधायक राम नरेश सिंह ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और सांसद निशिकांत दुबे के बयानों का समर्थन करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक...

बिहारशरीफ, हमारे संवाददाता। बिहार शांति मिशन के अध्यक्ष और पूर्व विधायक राम नरेश सिंह ने उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और सांसद निशिकांत दुबे के बयानों का समर्थन करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संसद सर्वोच्च है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि देश में सबसे बड़ी संस्था संसद ही है और लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रतिनिधियों को कानून बनाने तथा जनहित में आवश्यकतानुसार संविधान में संशोधन करने का पूर्ण अधिकार है। पूर्व विधायक ने सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ कार्रवाई की मांग को अनुचित बताते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति लोकतंत्र के महत्व को समझता है, वह निशिकांत दुबे के साथ खड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सांसद पर कोई दंडात्मक कार्रवाई की जाती है, तो लाखों लोग सड़कों पर उतरकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे और उपराष्ट्रपति धनखड़ तथा सांसद दुबे के वास्तविक विचारों को जनता तक पहुंचाएंगे। उन्होंने लंबित पड़े असंख्य मामलों पर ध्यान न देकर राष्ट्रपति को समय सीमा में कार्य करने का निर्देश देने को भी आपत्तिजनक बताया और इसे राष्ट्रपति का अपमान करार दिया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।