प्रशांत किशोर की जन सुराज में शामिल हुए पूर्व मंत्री वृषिण पटेल, कभी नीतीश के करीबी थे
बिहार के पूर्व मंत्री और नीतीश कुमार के करीबी रहे वृषिण पटेल ने प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया है। जिसकी जानकारी उन्होने खुद दी। शनिवार को पीके से उन्होने मुलाकात भी की थी।

बिहार चुनाव से पहले नेताओं के पाला बदलने का दौर जारी है। कभी नीतीश कुमार के करीबी रहे बिहार सरकार के पूर्व मंत्री वृषिण पटेल अब प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में शामिल हो गए हैं। जिसकी जानकारी उन्होने खुद दी। उन्होने बताया कि वो पूर्व चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में शामिल हो गए हैं। अपने पैतृक जिले वैशाली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जानकारी दी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पूर्व करीबी सहयोगी वृषिण पटेल ने वैशाली विधानसभा क्षेत्र का कई बार प्रतिनिधित्व किया है। इसके अलावा वह एक बार सीवान से लोकसभा सदस्य भी चुने गए थे। स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार से संबंध रखने वाले पटेल को कभी नीतीश कुमार के बाद राज्य में दूसरा सबसे बड़ा कुर्मी नेता माना जाता था।
साल 2005 में नीतीश के मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य मंत्रिमंडल में शामिल हो गए थे। हालांकि, 2015 में नीतीश से रिश्ते खराब होने के बाद वह पार्टी छोड़ जीतन राम मांझी के नेतृत्व वाले हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा में शामिल हो गए थे।
लेकिन 2020 में जब राज्य में विधानसभा चुनाव हुए तो जीतन राम मांझी और नीतीश कुमार के बीच गठबंधन हो गया। जिसके बाद वृषिण पटेल ने एनडीए छोड़ दिया और लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) में शामिल हो गए। करीब 5 साल तक आरजेडी में रहने के बाद उनका इस पार्टी से भी मोह भंग हो गया और अब उन्होने प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज का दामन थाम लिया है।