बॉयफ्रेंड के साथ भागी लड़की, जेल गए मुखिया जी; अगवा कर छेड़छाड़ में गिरफ्तार हुए माननीय
मुखिया सतीश पांडे पर 14 साल की नाबालिग के अपरहण और छेड़छाड़ का आरोप है। 2 मई को नाबालिग का अपहरण हुआ था। लड़की मुखिया के घर से बरामद हुई।

बिहार के सुपौल में एक मुखिया को प्रेमी के साथ फरार 14 साल की लड़की को अगवा करने और आपत्तिजनक हरकत करने के आरोप में जेल जाना पड़ा। जिले के सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सतीश पांडेय को रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सतीश पर 14 साल की नाबालिग के अपरहण और छेड़छाड़ का आरोप है। 2 मई को नाबालिग का अपहरण हुआ था। उस समय अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।
जांच में शाहपुर पृथ्वीपट्टी के मुखिया सतीश पांडेय का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस की विशेष टीम ने नाबालिग को मुखिया के घर से ही 20 मई को बरामद किया। मौके से मुखिया को गिरफ्तार कर थाना लाया गया और उसे जेल भेज दिया गया। सतीश मूल रूप से भपटियाही थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर पृथ्वीपट्टी पंचायत के रामनगर वार्ड 12 निवासी हैं। वह दूसरी बार शाहपुर पृथ्वीपट्टी पंचायत के मुखिया बने हैं। मामले में लड़की के पिता के आवेदन के आधार पर पुलिस ने थाना कांड संख्या 43/25 दर्ज किया था।
गुमशुदा होने के बाद चंडीगढ़ चली गई थी लड़की
रतनपुर थानाध्यक्ष कृष्णा कुमार सिंह ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में मुखिया सतीश पांडेय को पूछताछ के लिए थाना लाया गया था। जहां पूछताछ के बाद 180 एवं 183 बीएनएस में बयान के आधार पर पुष्टि के उपरांत थाना से ही गिरफ्तार कर लिया गया। बताया कि लड़की के पिता ने 02 मई को केस दर्ज कराया था। लड़की अपने प्रेमी के साथ गांव से निकली थी। सीडीआर और मोबाइल ट्रैकिंग के आधार पर पता चला कि लड़की चंडीगढ़ चली गई थी। वहां से पुलिस द्वारा नैतिक दबाव देकर लड़की को मंगवाया गया।
इस दौरान प्रेमी किसी जरूरी काम का बहाना देकर लड़की को रास्ते में छोड़ कर गाड़ी से उतर गया। लेकिन 18 मई यानि रविवार को जब लड़की सिमराही पहुंची तो मुखिया सतीश पांडेय ने उसे अगवा कर लिया। सोमवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सतीश पांडेय के घर से लड़की को बरामद कर लिया। प्रेमी मधुबनी जिले के मठाही का निवासी है।
फिरौती के आरोपों की जानकारी नहीं, अभी जांच जारी
एसपी शैशव यादव ने बताया कि नाबालिग लड़की के अपहरण और उसके साथ आपत्तिजनक व्यवहार के आरोपों में मुखिया सतीश पांडेय की गिरफ्तारी की गई है। लड़की ने कोर्ट में भी मुखिया के विरुद्ध बयान दर्ज कराया है। बताया कि परिजनों द्वारा पुलिस के समक्ष अब तक फिरौती मांगे जाने से संबंधित कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। लेकिन पुलिस की जांच जारी है। पुलिस जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुरुप अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।