उप मुख्यमंत्री ने सूर्य नारायण महायज्ञ का अवलोकन किया
उप मुख्यमंत्री ने सूर्य नारायण महायज्ञ का अवलोकन किया

सूर्यगढ़ा, निज प्रतिनिधि। प्रखंड के रामपुर में बड़ा तालाब के पास के मैदान में चल रहे सूर्यनारायण महायज्ञ का गत सोमवार की रात में अवलोकन किया। उन्होंने वृंदावन की राष्ट्रीय कथा प्रवाचिका देवी सत्याचार्य के द्वारा प्रस्तुत भगवान राम कथा के प्रसंगों को भी कुछ देर सुना एवं अभिवादन किया। यह कथा भगवान राम के राज्याभिषेक प्रसंग की थी। रावण का संहार कर के और जगत जननी सीता को लेकर भगवान राम लंका से अयोध्या लौटे थे। उनके साथ लक्ष्मण और हनुमान जी भी थे। भगवान राम ने दुष्टों का विनाश किया तथा अत्याचारी रावण के अत्याचार से मुक्ति दिलाई। वनवास के बाद अयोध्या लौटने पर प्रजाजनों में प्रसन्नता छा गई थी।
अयोध्या वासियों ने उनके स्वागत में रास्ते तथा घरों में दीप जलाए थे। इस बीच मंडप में परिक्रमा से लेकर देर रात तक महायज्ञ स्थल पर परिवार के सदस्यों के साथ लोगों ने घूम कर आनंद उठाया। ग्रामीणों के सहयोग से लोगों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो रही है। बिजली के साथ पेयजल आदि की व्यवस्था है। भक्ति पूर्ण गीत बजाए जा रहे हैं। मिठाई, खिलौने और झेले में भीड़ देखने को मिल रही है। पुलिस की भी व्यवस्था है। देर रात तक लोग सड़क मार्ग से लौट रहे हैं। वहीं किरणपुर पंचायत के किसनपुर में आयोजित विष्णु महायज्ञ में भी गत सोमवार की रात में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई। डॉ. उदय शंकर एवं अन्य ग्रामीणों के द्वारा लोगों को मदद की जा रही है। राघव जी महाराज के प्रवचन के बाद रासलीला में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं ब्रज भाषा के भक्ति के गीतों को सुनकर लोग मुग्ध हो रहे है। तमाशे, खेल, झूले, मिठाई, खिलौने आदि बेचने वालों की भीड़ रहती है। सगे संबंधियों के यहां से लोग यहां आ रहे हैं। एनएच 80 से ही तोरण द्वार एवं संपर्क सड़क पर सजावट की व्यवस्था देखने को मिल रही है। मुखिया शैलेंद्र कुमार और पंचायत के अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद थे। मेदनीचौकी थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार के निर्देश पर पुलिस बल भी हैं। यहां भी मेदनीचौकी और माणिकपुर थाना क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग महायज्ञ देखने के लिए आ रहे हैं। प्रवचन में भगवान राम की कथा की प्रस्तुति की गई। दोनों ही स्थानों पर संगीत पूर्ण भगवान की कथा की प्रस्तुति से भक्तिमय माहौल है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।