ललन सिंह, संजय झा, विजय चौधरी, अशोक चौधरी; ये लोग नीतीश को खा जाएंगे, राबड़ी देवी का बड़ा बयान
- बुधवार को राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और सदन के बाहर कुछ देर के लिए धरने पर बैठ गईं। उन्होंने नीतीश कुमार पर उन्हें अपमानित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नीतीश कुमार का कान भर रही है।

बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान आठवें दिन बुधवार को जमकर गरमा गरमी देखी गयी। विधान परिषद में सीएम नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के बीच तीखी नोक झोंक हुई। उसके बाद विपक्ष के विधायकों ने जमकर हंगामा किया। खुद राबड़ी देवी ने भी नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और सदन के बाहर कुछ देर के लिए धरने पर बैठ गईं। उन्होंने नीतीश कुमार पर उन्हें अपमानित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा नीतीश कुमार का कान भर रही है। उनकी पार्टी के कुछ नेता भी सीएम को गुमराह कर रहे हैं। ये लोग मिलकर नीतीश कुमार को का जाएंगे।
विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए राबड़ी देवी ने कहा कि नीतीश कुमार के पीछे पांच छह नेता लगे हुए हैं जो उन्हें सिखाते, पढ़ाते रहते हैं। वे भाजपा के गोद में चले गए हैं और बीजेपी के नेता सीएम का कान भर रहे हैं। उनकी पार्टी जदयू के भी कुछ नेता भी भड़काने में लगे हैं।
राबड़ी देवी ने कहा कि नीतीश कुमार बीजपी के रिमोट से चल रहे हैं। खुद सरकार नहीं चला रहे बल्कि सारा पावर बीजेपी और आरएसएस को दे दिया है। इसीलिए राज्य में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार से बिहार नहीं चल रहा है।
राबड़ी देवी ने ललन सिंह, संजय झा, विजय चौधरी और अशोक चौधरी का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि ये लोग सीएम का कान फूंकते रहते हैं। ये लोग नीतीश कुमार को खा जाएंगे। उन्होंने कहा कि सीएम ने सिर्फ मेरा अपमान नहीं किया है बल्कि बिहार की सभी महिलाओं का अपमान किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को उनकी पार्टी के लोग ही अपमानित कर रहे हैं।
गुस्से में राबड़ी देवी ने कहा कि पहले भी नीतीश कुमार अपमानित किया और लगातार यह काम कर रहे हैं। आरोप लगाया कि बिहार में गुंडा का राज आ गया है। सदन और सदन बाहर महिलाओं का अपमान और उनके साथ अत्याचार हो रहा है। इस पर रोक लगना चाहिए। इसमें सरकार में शामिल नेता भी आ गए हैं। राबड़ी देवी के साथ मौजूद राजद नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
इससे पहले नीतीश कुमार और राबड़ी देवी के बीच विधान परिषद में तीखी बहस हुई। राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार में कुछ काम नहीं हो रहा है। उन्होंने कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाया। इस पर नीतीश कुमार भड़क गए। उन्होंने कहा कि गलत बात कर रहे हैं। आरजेडी के राज में कुछ नहीं हुआ। हम लोग आए तो महिलाओं के लिए कितना काम किए। हम लोगों ने महिलाओं को फिफ्टी परसेंट रिजर्वेशन दिया। राबड़ी देवी की ओर इशारा करते हुए कहा कि जब इनके पति हट गए तो इनको सीएम बना दिया। इनके राज में लड़कियां पांचवीं से ज्यादा नहीं पढ़ पाती थीं।