व्यक्तित्व विकास से संबंधित एक विशेष वर्ग शुरू
मुंगेर विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए एक नई पहल शुरू की जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने व्यक्तित्व विकास से संबंधित विशेष वर्ग शुरू करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य छात्रों में आत्मविश्वास,...

मुंगेर, एक संवाददाता। मुंगेर विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए अच्छी खबर है। विश्वविद्यालय प्रशासन अब विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। 20 अप्रैल को राजभवन में कुलाधिपति के साथ विश्वविद्यालय के अधिकारियों की हुई बैठक में उनके द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुरूप विश्वविद्यालय ने जल्द ही विश्वविद्यालय और इससे जुड़े सभी कॉलेजों में व्यक्तित्व विकास से संबंधित एक विशेष वर्ग शुरू करने का निर्णय लिया है। इस पहल से छात्र न केवल शैक्षणिक रूप से बल्कि व्यक्तिगत रूप से भी सशक्त बन सकेंगे। इस विशेष वर्ग का उद्देश्य छात्रों में आत्मविश्वास, संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और समय प्रबंधन जैसे गुणों का विकास करना है। प्रत्येक सत्र लगभग एक घंटे का होगा और इसे कॉलेजों एवं विभागों के अनुभवी शिक्षक संचालित करेंगे। वे विद्यार्थियों को व्यावहारिक टिप्स देंगे जो उनके जीवन में सफलता की राह को आसान बनाएंगे। यह कोर्स केवल विश्वविद्यालय के शिक्षक ही नहीं पढ़ाएंगे, बल्कि इसमें रुचि रखने वाले अन्य क्षेत्र के विशेषज्ञ भी अपनी स्वेच्छा से विद्यार्थियों व्यक्तित्व निर्माण के टिप्स दे सकेंगे। यह कदम विश्वविद्यालय एवं इसकी कॉलेजों को स्थानीय विशेषज्ञों एवं विद्वानों से जोड़ने का भी कार्य करेगा।
ज्ञात हो कि, मुंगेर विश्वविद्यालय में अब तक की गई घोषणाओं के अनुरूप कोई भी व्यावसायिक कोर्स शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में, विश्वविद्यालय द्वारा अलग से इस नए वर्ग का संचालन छात्रहित में एक नई दिशा की शुरुआत मानी जाएगी। इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलसचिव कर्नल विजय कुमार ठाकुर बताया कि, कुलपति के निर्देशानुसार इस वर्ग के संचालन से संबंधित योजनाएं शीघ्र ही बनाई जाएंगी। इसके साथ ही विद्यार्थीयों के लिए इस कोर्स से संबंधित सारी सूचनाएं शीघ्र ही जारी की जाएगी तथा नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। इस कोर्स की पढ़ाई विद्यार्थी अपनी स्वेच्छा से कर सकेंगे। यह वर्ग एक स्वैच्छिक वर्ग होगा, कोई भी छात्र भाग ले सकते हैं। इस संबंध में बुद्धिजीवियों एवं विश्वविद्यालय के शिक्षकों व अधिकारियों का कहना है कि, विश्वविद्यालय द्वारा यदि यह वर्ग शुरू किया जाता है तो, इस पहल के माध्यम से मुंगेर विश्वविद्यालय न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण में भी अग्रणी बनने की ओर अग्रसर होगा। यह यहां के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।